जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: बांग्लादेश में शुक्रवार को 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके तेज झटके पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल में भी महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण संस्था USGS के मुताबिक भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के नरसिंगडी जिले के पास रहा। भूकंप के बाद लोगों में दहशत फैल गई और कई क्षेत्रों में लोग घरों से बाहर निकल आए।
हालांकि जानकारी के अनुसार, भारत में किसी भी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। दूसरी ओर बांग्लादेश में 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है, लेकिन स्थानीय प्रशासन ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं।
कुछ जगहों पर मकान को नुकसान
भूकंप के कारण ढाका में कुछ जगहों पर मकान को नुकसान हुआ है। नगरसिंडी में लगे झटकों के बाद राहत और बचाव कार्य की एजेंसियां प्रभावित इलाकों में पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए
कोलकाता समेत उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में शुक्रवार सुबह अचानक भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। सुबह 10 बजकर 9 मिनट पर आए इन झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक लगातार 18 सेकंड तक कंपन महसूस हुआ, जिससे कई जगह लोग घबराकर इमारतों से बाहर निकल आए।
सूत्रों के अनुसार कोलकाता के अलावा सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, कोचबिहार, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप का एपिसेंटर कहां था, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी तक जारी नहीं हुई है। भूकंप के समय ऑफिस आवर होने की वजह से शहर में अफरा-तफरी मच गई। कई बहुमंजिली इमारतों, दफ्तरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को एहतियातन खाली कराया गया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोगों को खुले स्थानों पर खड़े देखा गया। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और किसी तरह के नुकसान की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है।

