जनवाणी संवाददाता |
शामली: शामली जनपद के थानावन और बाबरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश समयदीन उर्फ सामा पुत्र मेहरदीन निवासी कांधला और हाल निवासी कर्नाटक मुठभेड़ में मारा गया। बदमाश के खिलाफ दो दर्जन से अधिक मुकदमें हैं, एक पिस्टल व तमंचे के साथ कारतूस बरामद किए गए हैं।
थानाभवन क्षेत्र के भैसानी भटठे के पास पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग वहां आग ताप रहे है और किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में है। जिसके बाद थानाभवन और बाबरी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वहां बैठे लोगों को ललकारा तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ। पुलिस ने मौके से 9 एमएम का पिस्टल, दो खोखे कारतूस, एक तमंचा व जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस ने तत्काल घायल को उपचार के लिए अस्पताल में पहुंचाया।
रास्ते में बदमाश ने अपना नाम समयदीन उर्फ सामा पुत्र मेहरदीन निवासी मौहल्ला रायजादगान थाना कांधला जनपद शामली हाल पता जनता कालोनी ऊरुकेरे जनपद तुमकुर कर्नाटक बताया। वहीं उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी एनपी सिंह ने बताया कि बदमाश समयदीन फिलहाल कर्नाटक में रह रहा था और वहीं का आधार कार्ड भी बने हैं जो उसके पास से मिले है। शामली जनपद में समयदीन के खिलाफ 23 मुकदमें दर्ज हैं और वह कर्नाटक से आकर यहां अपराधिक घटनाएं कारित करता था। कर्नाटक में भी उसके खिलाफ मुकदमें है जिनकी जानकारी की जा रही है।

