नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। लगातार दो दिनों की तेज गिरावट के बाद बुधवार को शेयर बाजार ने शुरुआती कारोबार में मजबूती दिखाई। निचले स्तरों पर निवेशकों की खरीदारी बढ़ने से बाजार में रिकवरी देखी गई। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती सत्र में 259.31 अंक (0.31%) चढ़कर 84,925.59 पर पहुंच गया। वहीं एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 64.65 अंक (0.25%) बढ़कर 25,904.30 पर ट्रेड कर रहा था। इस दौरान रुपये में कमजोरी दर्ज की गई और वह डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 90.07 पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों का हाल
लाभ में रहने वाले प्रमुख शेयरों में अदानी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, ट्रेंट, आईटीसी, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, रिलायंस इंडस्ट्रीज, टेक महिंद्रा और अल्ट्राटेक सीमेंट शामिल रहे। वहीं, इटरनल, सन फार्मा, टाइटन, भारती एयरटेल और इंफोसिस पिछड़ने वाले शेयरों में रहे।
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में बुधवार को मिश्रित संकेत देखने को मिले। शंघाई एसएसई कम्पोजिट, हांगकांग हैंग सेंग और जापान का निक्केई 225 लाल निशान में थे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी हरे निशान में कारोबार कर रहा था। इससे पहले मंगलवार रात अमेरिकी बाजारों में व्यापक गिरावट दर्ज की गई थी।
ब्रेंट क्रूड और निवेशकों की गतिविधि
वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड का भाव 0.15% बढ़कर 62.03 डॉलर प्रति बैरल हो गया। विदेशी संस्थागत निवेशक (FII) मंगलवार को 3,760.08 करोड़ रुपये के शुद्ध विक्रेता रहे, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 6,224.89 करोड़ रुपये की खरीदारी की। मंगलवार को सेंसेक्स 436.41 अंक गिरकर लगभग दो सप्ताह के निचले स्तर 84,666.28 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 120.90 अंक टूटकर 25,839.65 पर आ गया था।

