जनवाणी संवाददाता |
कांधला: कांधला में चलती ट्रेन में एक सरकारी कर्मचारी की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। दिल्ली के केमिकल फर्टिलाइजर विभाग में कार्यरत शीशपाल अपने घर लौट रहे थे, तभी यह घटना हुई। साहिबाबाद शालीमार गार्डन निवासी शीशपाल पुत्र रघुवीर सिंह शामली में किसी काम से आए थे और सुबह के समय ट्रेन से यात्रा वापस अपने घर लौट रहे थे। यात्रा के दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई। ट्रेन में मौजूद अन्य यात्रियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत उनके परिजनों और जीआरपी पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर शामली जीआरपी के लोकेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शीशपाल को तत्काल कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र प्रथम ने बताया कि उनके पिता दिल्ली में सरकारी नौकरी करते थे। शीशपाल की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। जीआरपी पुलिस ने इस संबंध में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

