जनवाणी ब्यूरो ।
नई दिल्ली:हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में देर रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक हादसे में नेपाली मूल के एक परिवार को भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से 7 वर्षीय एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि मलबे में 8 से 9 अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने की घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि परिवार द्वारा जलती हुई अंगीठी को रात के समय घर के अंदर ले जाया गया था। आशंका है कि अंगीठी से निकली चिंगारी ने घर में रखे गैस सिलिंडरों को चपेट में ले लिया, जिससे एक के बाद एक करीब छह से सात सिलिंडरों में जोरदार विस्फोट हो गया। सिलिंडर फटने से आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया।
मौके पर पहुंचा प्रशासन और दमकल विभाग
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थानीय लोग भयावह मंजर देखकर सहम गए। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है, हालांकि राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है।
राहत एवं बचाव अभियान जारी
मलबे में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। इस हादसे ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।
फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और ठंड के मौसम में अंगीठी व गैस सिलिंडर के उपयोग में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

