जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की आगामी पुस्तक ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ के कथित लीक होने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में स्पेशल सेल ने प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया को नोटिस जारी कर कई बिंदुओं पर जवाब मांगा है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर यह जानकारी सामने आई थी कि पुस्तक की प्री-प्रिंट कॉपी इंटरनेट पर साझा की जा रही है। इन दावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच प्रारंभ की।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ शीर्षक से टाइपसेट की गई एक पीडीएफ कॉपी कुछ वेबसाइट्स पर उपलब्ध है। यह दस्तावेज कथित रूप से पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया प्रतीत होता है। साथ ही, कुछ ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म पर पुस्तक का अंतिम कवर इस तरह प्रदर्शित किया गया है, जैसे वह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
पुलिस का कहना है कि मामला ऐसी पुस्तक के संभावित लीक या गोपनीयता उल्लंघन से जुड़ा है, जिसे अभी आधिकारिक स्वीकृति मिलना बाकी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्पेशल सेल ने केस दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि प्री-प्रिंट कॉपी ऑनलाइन कैसे पहुंची, इसमें किन व्यक्तियों या संस्थाओं की भूमिका हो सकती है और क्या कॉपीराइट या अन्य कानूनी प्रावधानों का उल्लंघन हुआ है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

