जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: एसएसपी अभिनंदन सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित विभिन्न शाखाओं एवं सुविधाओं का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान क्वार्टर गार्द, एमटी शाखा, गैस्ट हाउस, जिम, कैंटीन, बार्बर शॉप, स्कूल तथा फैमिली क्वार्टर की व्यवस्थाओं को विस्तार से परखा गया। एसएसपी ने आर्म्स एवं एमुनेशन के रख-रखाव की स्थिति का निरीक्षण करते हुए संबंधित कर्मचारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एमटी शाखा में उपलब्ध सरकारी वाहनों की फिटनेस, रखरखाव, साफ-सफाई एवं लॉगबुक की भी जांच की गई। उन्होंने वाहनों को हमेशा संचालन योग्य स्थिति में रखने और नियमित रूप से उनके रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सभी शाखाओं के कार्मिकों को अनुशासन, स्वच्छता, सुव्यवस्था तथा समयबद्ध कार्यप्रणाली बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि पुलिस लाइन की व्यवस्थाएं बेहतर और मानक के अनुरूप रहनी चाहिए, जिससे पुलिस बल की कार्यक्षमता और दक्षता बनी रहे।

