जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: शराब घोटाले में आरोप मुक्त होने के बाद, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल एक्शन मोड में आ गए हैं। जंतर-मंतर पर हुई आम आदमी पार्टी की जनसभा में उन्होंने संबोधन किया।
10 साल में एक भी पैसा भ्रष्टाचार का नहीं मिला: केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा, “आईआईटी में मेरे अच्छे अंक थे, और मैं पढ़ाई में भी अच्छा था। अगर मैं चाहता तो अमेरिका जा सकता था। मेरे कई दोस्त अमेरिका गए, लेकिन उस वक्त मेरे मन में एक विचार आया, हमारे देश की हालत बहुत खराब है। अगर हम सब पढ़े-लिखे लोग आईआईटी और बड़े संस्थानों में पढ़ाई करके अमेरिका चले जाएंगे, तो हमारे देश का ख्याल कौन रखेगा? हमारे देश को कौन सुधारने जाएगा? इसीलिए मैंने अमेरिका जाने का फैसला नहीं किया और इंडिया में ही रहा। मुझे नहीं पता कि प्रधानमंत्री मोदी मुझसे क्यों नफरत करते हैं। उन्होंने मेरे खिलाफ कई जांच करवाईं, लेकिन 10 सालों में एक भी पैसा भ्रष्टाचार का नहीं मिला। अगर दिल्ली सरकार का कोई ठेकेदार या विक्रेता यह कहे कि मैंने पैसे मांगे हैं, तो मैं राजनीति छोड़ दूंगा।”
आतिशी का पीएम मोदी पर हमला
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने कहा, “हम सभी ने देखा कि किस तरह भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के खिलाफ षड्यंत्र रचा। झूठे आरोप लगाए गए और बिना किसी साक्ष्य के उन्हें जेल में डाला गया। आज दिल्लीवाले भी इस अत्याचार का शिकार हो चुके हैं। 10,000 बस मार्शलों को नौकरी से निकाला गया। अब समय आ गया है कि मोदी जी और अमित शाह की तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाई जाए।”

