जनवाणी ब्यूरो ।
यूपी: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही ट्रक से टकरा गईं। इस दर्दनाक हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए बांगरमऊ सीएचसी भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताई जा रही है।
पहले हादसे में 14 यात्री घायल
रविवार रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से घायलों को बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र भेजा। साथ ही हाइड्रा मशीन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम शुरू किया गया।
ट्रक हटाते समय हुआ दूसरा हादसा
रात करीब 2:30 बजे जब क्षतिग्रस्त ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जाया जा रहा था, तभी आगरा फोर्ट की ही दूसरी रोडवेज बस उसी ट्रक से पीछे से टकरा गई। इस दूसरे हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 अन्य सवारियां घायल हो गईं। पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायलों को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
शवों की पहचान जारी
मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। कोतवाल ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था और दोनों बसों के कुल 31 यात्री घायल हुए हैं, जबकि तीन की मौत हुई है। पुलिस शवों की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है।

