जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष दिन-प्रतिदिन और अधिक भयावह होता जा रहा है। अमेरिका और इस्राइल के हमलों के बीच ईरान भी लगातार पलटवार कर रहा है। मिसाइलों और ड्रोन हमलों के बीच यह संघर्ष अब 15वें दिन में प्रवेश कर चुका है और पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
अमेरिकी एयरबेस पर ताबड़तोड़ हमला
इसी बीच सऊदी अरब से एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने सऊदी अरब में स्थित अमेरिकी एयरबेस पर ताबड़तोड़ हमला किया। इस हमले में अमेरिकी वायुसेना के कई विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाते हुए बमबारी की
सूत्रों के अनुसार, ईरान ने सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाते हुए बमबारी की। हमले के दौरान वहां मौजूद अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग (ईंधन भरने वाले) विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि, बताया जा रहा है कि ये विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उन्हें मरम्मत के लिए भेज दिया गया है। इस हमले में किसी के घायल होने या मौत की खबर नहीं है।
इससे पहले पश्चिमी इराक में भी एक अमेरिकी केसी-135 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में विमान पर सवार सभी छह क्रू मेंबर की मौत हो गई थी। वहीं एक मार्च को कुवैत में तीन अमेरिकी F-15 लड़ाकू विमान फ्रेंडली फायर की घटना में गिर गए थे, हालांकि इस घटना में सभी एयरक्रू सुरक्षित रहे। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुवैत का एक F-18 लड़ाकू विमान गलती से इन F-15 विमानों को निशाना बना बैठा था।
गौरतलब है कि पश्चिम एशिया पिछले 15 दिनों से भारी तनाव के दौर से गुजर रहा है। इस संघर्ष की शुरुआत 28 फरवरी को अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के बाद हुई थी। इसके बाद से ईरान लगातार जवाबी कार्रवाई करते हुए इस्राइल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है।

