जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: संभल में रमजान के अंतिम जुमे की नमाज शुक्रवार को अदा की जाएगी, जबकि शनिवार को ईद उल फितर मनाई जाएगी। इसको लेकर पुलिस और प्रशासन ने विशेष अलर्ट जारी कर चौकसी बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन निगरानी के साथ मजिस्ट्रेट और भारी सुरक्षा बल तैनात किया गया है।
डीएम और एसपी ने संभल शहर का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इससे पहले बृहस्पतिवार शाम को दोनों अधिकारियों ने जनसंवाद कर लोगों से शांतिपूर्ण त्योहार मनाने की अपील की। मुख्य मार्गों पर स्थित मस्जिदों के आसपास भी ड्रोन से निगरानी की जा रही है। डीएम ने बताया कि शहर में 19 मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं और प्रत्येक थाने पर एक मजिस्ट्रेट जिम्मेदारी संभालेंगे।
पुलिस, पीएसी और आरआरएफ को एहतियाती तौर पर संवेदनशील इलाकों में तैनात किया गया है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखने के लिए विशेष टीम सक्रिय है। एसपी ने कहा, “किसी भी अफवाह या माहौल खराब करने के प्रयास को सख्ती से निपटाया जाएगा। त्योहार आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए।”
जामा मस्जिद पर सजावट नहीं होगी
इस बार संभल की जामा मस्जिद को पिछले वर्ष की तरह सजाया नहीं जाएगा। इंतजामिया कमेटी के सदर जफर अली ने बताया कि रमजान से पहले पुताई और रंगाई की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन अनुमति नहीं मिली। एएसआई से भी संपर्क नहीं हो सका, इसलिए मस्जिद की पुताई और सजावट नहीं हो पाएगी।
मालूम हो कि 24 नवंबर 2024 को जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर विवाद हुआ था। मामला वर्तमान में कोर्ट में विचाराधीन है। पिछले वर्ष हाईकोर्ट के आदेश पर मस्जिद की पुताई और सजावट की गई थी।

