जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मुंबई के भायखला इलाके में एक मामूली सड़क विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। इस मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीएमसी सांसद यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, विवाद की शुरुआत एक कार के गड्ढे से गुजरते समय पानी उछलने से हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गया।
विवाद की शुरुआत
शनिवार रात करीब 9 बजे यूसुफ खान (30) अपनी कार से घर लौट रहे थे। सड़क पर बने गड्ढे से गुजरते समय पानी उछलकर शोएब खान (35) पर गिरा। यूसुफ ने तुरंत माफी मांगी, लेकिन शोएब ने गुस्से में बांस की लकड़ी से कार का विंडशील्ड तोड़ दिया और यूसुफ पर हमला कर दिया।
दोबारा भिड़ंत और हिंसा
यूसुफ खान जब पुलिस शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे, तो रास्ते में उनकी मुलाकात खालिद खान (मकालिक) और उनके बेटे उमरसद पठान, शोएब पठान और रिश्तेदार शहबाज पठान से हुई। दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ी और लाठी-डंडों और बेसबॉल बैट से हमला शुरू हो गया। हमले में यूसुफ के भाई सलमान का हाथ फ्रैक्चर हो गया, जबकि उनके चाचा जाकी अहमद को गंभीर चोटें आईं।
गिरफ्तार और फरार आरोपी
भायखला पुलिस ने खालिद खान, उनके बेटे और एक अन्य रिश्तेदार को गिरफ्तार किया। चौथा आरोपी शहबाज पठान फरार है और उसकी तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज, चश्मदीद गवाहों के बयान और बरामद हथियारों के आधार पर की गई। जांच में बांस की लाठियां और बेसबॉल बैट बरामद किए गए।

