जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान कथित अनियमितताओं और पक्षपात के आरोपों पर भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। आयोग ने इन सभी के खिलाफ तत्काल प्रभाव से अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया
निलंबित अधिकारियों में आईपीएस रैंक के अधिकारी समेत एसडीपीओ और विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक शामिल हैं। आयोग ने हिंगलगंज पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी संदीप सरकार को निलंबित करने के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।
इसके अलावा संदीप गराई (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डायमंड हार्बर), साजल मंडल (एसडीपीओ, डायमंड हार्बर), मौसम चक्रवर्ती (इंस्पेक्टर इंचार्ज, डायमंड हार्बर थाना), अजय बाग (इंस्पेक्टर इंचार्ज, फलता थाना) और शुभेच्छा बाग (ऑफिसर इंचार्ज, उस्थी थाना) को भी निलंबित किया गया है। संदीप गराई के मामले में आयोग ने गृह मंत्रालय को उनके कैडर नियंत्रण प्राधिकारी के पास विस्तृत रिपोर्ट भेजने का निर्देश भी दिया है।वहीं, डायमंड हार्बर की पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशानी पाल को अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर नियंत्रण और निष्पक्षता सुनिश्चित करने में विफल रहने पर कड़ी चेतावनी दी गई है।
निर्वाचन आयोग ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि इस कार्रवाई को तत्काल प्रभाव से लागू किया जाए और अनुपालन रिपोर्ट सुबह 11 बजे तक प्रस्तुत की जाए।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव जैसे संवेदनशील समय में निष्पक्षता और आचार संहिता का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

