जनवाणी ब्यूरो |
शामली: पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने व्यापारियों की बैठक में शामली जनपद में रोडवेज डिपो निर्माण के लिए सरकार से बजट जारी करने की मांग की है।
शनिवार को शामली शहर के सुभाष चौक स्थित संगठन के मुख्यालय पर हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री अशोक कटारिया को पत्र भेजकर शामली रोडवेज डिपो निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग की गई है।
उन्होंने बताया कि शामली में रोडवेज डिपो निर्माण को परिवहन विभाग की बोर्ड बैठक में 9 करोड़ रुपए का बजट पास कर शासन को बजट जारी करने के लिए भेज दिया है। शामली में रोडवेज डिपो निर्माण से शामली से लंबे रूट की बसें चल सकेगी तथा क्षेत्र के नागरिकों को आने जाने में सुविधा होगी।
उन्होंने कहा कि उनके द्वारा शामली में रोडवेज डिपो निर्माण का मुद्दा लगातार 6 वर्षों से व्यापार बंधुओं की बैठकों में उठाया जा रहा है तथा पूर्व में डिपो निर्माण हेतु बनत के पास गांव खेड़ी बैरागी के पास ग्राम पंचायत द्वारा 6 बीघे जमीन उपलब्ध कराई गई।
जिसका रोडवेज विभाग ने 47 लाख जमा करके विभाग के नाम रजिस्ट्री करा ली है। उसके बाद डिपो निर्माण को रोडवेज की बोर्ड बैठक में 9 करोड़ रुपए का बजट पास कर शासन को बजट भेजने हेतु प्रस्ताव भेजा जा
चुका है।
बैठक में प्रदेश संगठन मंत्री सुभाषचंद धीमान, नगरध्यक्ष नरेंद्र अग्रवाल, नगर महामंत्री रवि सगल, अमित गर्ग, आशु पुरी, पवन गोयल, शिवांक गर्ग, गौरव बंसल, नरेश चंद्र आदि मौजूद रहे।

