जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना बड़गांव पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी गौकश घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।सीओ देवबंद अभीतेश सिंह ने बताया कि बीती देर रात बड़गांव थाना पुलिस सर्विस रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शिमलाना की ओर से बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो दोनों बाइक मोड़कर भागने लगे। जल्दबाजी में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम को अपने करीब आता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान गय्यूर पुत्र सज्जाद उर्फ सादा निवासी ग्राम सोहनचिड़ा थाना नागल के रूप में हुई।सीओ देवबंद के अनुसार गिरफ्तार आरोपी गौकशी के मामले में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी थाना बड़गांव में दर्ज गौवध अधिनियम के मुकदमे में फरार था।
उसके खिलाफ गौकशी, चोरी, गैंगस्टर और हत्या के प्रयास समेत करीब 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा, तीन जिंदा कारतूस .315 बोर और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।सीओ अभीतेश सिंह ने बताया कि फरार आरोपी की तलाश में लगातार कॉम्बिंग की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

