जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना जनकपुरी क्षेत्र स्थित फर्नीचर मार्केट में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग सबसे पहले लकड़ी के एक गोदाम में लगी और देखते ही देखते उसने आसपास के चार फर्नीचर शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देता रहा। हादसे में अमन फर्नीचर, नमन फर्नीचर, गंगा फर्नीचर और शक्ति फर्नीचर शोरूम पूरी तरह जलकर खाक हो गए।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का सामान जलने की आशंका है, हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना के समय शोरूम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लकड़ी और प्लाई का सामान अधिक होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। अमन फर्नीचर के मालिक सुजीत कुमार ने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि संभलने का मौका ही नहीं मिला और पूरा शोरूम जल गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। सीएफओ प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस और फायर विभाग की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं।

