जनवाणी ब्यूरो |
यूपी: उत्तर प्रदेश में मानसून के आगमन के लिए मौसम तेजी से अनुकूल होता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। वहीं 30 जून से राज्य में मानसूनी बारिश का सिलसिला शुरू होने के संकेत हैं। हालांकि सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली समेत दक्षिणी यूपी के कुछ जिलों में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए प्रदेश के 66 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा तराई क्षेत्र के कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर में अच्छी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया गया है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि 30 जून से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां तेज होने लगेंगी। जुलाई के पहले सप्ताह तक पूरे उत्तर प्रदेश में व्यापक और अच्छी बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि मानसून के सक्रिय होते ही अधिकतम तापमान में 7 से 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी
बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के क्षेत्रों में मेघगर्जन, तेज हवाओं और वज्रपात की आशंका जताई गई है।

