जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: अमरनाथ यात्रा के दौरान सोमवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन जिले के चंदरकोट लंगर स्थल के पास बड़ा सड़क हादसा हो गया। कश्मीर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के काफिले में शामिल दो बसों और एक कार की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में अमरनाथ यात्रियों समेत कुल 18 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7:20 बजे हुआ। शुरुआती जांच में सामने आया है कि काफिले में शामिल एक बस के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके बाद वह आगे चल रहे वाहन से टकरा गई। इसके बाद पीछे आ रही एक अन्य बस और कार भी इसकी चपेट में आ गईं।
टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल रामबन पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल रामबन के मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि अस्पताल में 18 घायलों को लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य पाए जाने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई।
हादसे के कारण कुछ समय के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। राहत और बचाव कार्य पूरा होने के बाद मार्ग पर आवागमन फिर से बहाल कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
प्रशासन ने अमरनाथ यात्रा में शामिल वाहन चालकों से सतर्कता बरतने, गति सीमा का पालन करने और सुरक्षा नियमों का ध्यान रखने की अपील की है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुचारु रूप से जारी रह सके।

