जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी छात्रों के प्रदर्शन के बीच रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की असिस्टेंट कमांडेंट सोनिया सहरावत एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर विवादों में आ गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक स्क्रीनशॉट को लेकर विपक्षी नेताओं और प्रदर्शनकारी संगठन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने कड़ी आपत्ति जताई है। हालांकि, वायरल पोस्ट की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि 20 जुलाई को ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान सोनिया सहरावत जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रही थीं। प्रदर्शन के दौरान वह अग्रिम मोर्चे पर तैनात रहीं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई में सक्रिय भूमिका निभाती नजर आईं।
RAF assistant commandant Sonia Shehrawat’s insta profile calling our children protestors cockroaches. Let’s find out who she is, where she lives, what’s her record? Let’s name & shame & drag each of these zealots through the law pic.twitter.com/RzXnXjfDMW
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) July 22, 2026
इसके अगले दिन सोशल मीडिया पर उनकी एक कथित इंस्टाग्राम स्टोरी का स्क्रीनशॉट वायरल होने लगा। स्टोरी में कथित तौर पर लिखा था, “जो खुद को नहीं सुधार सकते, वे देश को सुधारने निकले हैं।” बाद में यह स्टोरी हटा दी गई बताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
CJP ने लगाए गंभीर आरोप
कथित पोस्ट सामने आने के बाद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने इसे प्रदर्शनकारियों का अपमान बताते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी। संगठन ने आरोप लगाया कि यह पोस्ट आंदोलन में शामिल छात्रों और युवाओं का मजाक उड़ाने वाली है तथा सुरक्षाबलों की कार्रवाई को सही ठहराने का प्रयास करती है।
CJP ने सोशल मीडिया पर लिखा, “हम कॉकरोच हैं और कॉकरोच कभी नहीं मरते।” इसके बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बन गया।
महुआ मोइत्रा ने भी उठाए सवाल
तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद महुआ मोइत्रा ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने एक्स पर वायरल स्क्रीनशॉट साझा करते हुए आरोप लगाया कि कथित पोस्ट के जरिए प्रदर्शनकारियों को “कॉकरोच” कहा गया है। उन्होंने संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की।
सुरक्षा व्यवस्था में निभाई थी अहम भूमिका
20 जुलाई को जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में हुए प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दिल्ली पुलिस और RAF के जिम्मे थी। प्रदर्शनकारियों द्वारा बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश के बाद पुलिस और सुरक्षाबलों ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया था। उस दौरान सोनिया सहरावत अग्रिम मोर्चे पर तैनात थीं और सुरक्षा प्रबंधन संभाल रही थीं।
कौन हैं सोनिया सहरावत?
सोनिया सहरावत केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में असिस्टेंट कमांडेंट हैं और वर्तमान में रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) में तैनात हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय रहती हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6.27 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनके अकाउंट पर फिटनेस, डांस, ट्रेंडिंग रील्स, निजी जीवन और वर्दी में ड्यूटी से जुड़े वीडियो और तस्वीरें साझा की जाती हैं।
अभी तक आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
विवादित इंस्टाग्राम स्टोरी को लेकर न तो सोनिया सहरावत और न ही CRPF या RAF की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। साथ ही, वायरल स्क्रीनशॉट की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि भी अभी तक नहीं हो सकी है। ऐसे में मामले को लेकर सोशल मीडिया पर दावे और प्रतिदावे जारी हैं।

