जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: थाना देवबंद क्षेत्र में लापता 19 वर्षीय शिवा का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने हत्या के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित कर दी गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने बताया कि 27 जुलाई को शिवा के पिता जयप्रकाश ने सूचना दी थी कि उनका पुत्र 26 जुलाई की रात अपने परिचित तीन युवकों और एक अन्य युवक के साथ घर से गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
सूचना मिलते ही थाना देवबंद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर युवक की तलाश शुरू कर दी।तलाश के दौरान 27 जुलाई की रात करीब 12 बजे टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत से शिवा का शव बरामद हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि वारदात में तीन युवक शामिल थे, जिनमें से एक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि दो अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।एसएसपी के अनुसार प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश का मामला सामने आया है। पहले युवकों के बीच दोस्ती थी, बाद में विवाद हुआ और समझौते के बाद दोबारा मेल-मिलाप हो गया, लेकिन आरोपियों के मन में पुरानी रंजिश बनी रही।
इसी के चलते वे शिवा को घर से बुलाकर टीचर्स कॉलोनी के पीछे खेत में ले गए और उसकी हत्या कर दी।पुलिस ने बताया कि शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है तथा शेष दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

