जनवाणी संवाददाता |
सहारनपुर: कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने आधी रात पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक देहात मयंक पाठक तथा क्षेत्राधिकारी सदर विकास कुमार चौहान के साथ जनपद के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने काली नदी से भगवानपुर तिराहा और गागलहेडी तिराहा से अंबेडकर चौक तक भ्रमण कर सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न कांवड़ शिविरों, अस्थायी पुलिस चौकियों और ड्यूटी प्वाइंटों पर सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सहायता और यातायात संचालन की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए तथा किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी मुस्तैदी एवं समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा का अनुभव मिल सके। जनपद पुलिस कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

