जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मेटा के स्वामित्व वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram ने अपनी विजुअल पहचान में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने प्लेटफॉर्म के लिए नया टेक्स्ट-ओनली वर्डमार्क लॉन्च किया है। इंस्टाग्राम प्रमुख एडम मोसेरी ने बताया कि ऐप के शीर्ष पर इस्तेमाल होने वाले वर्डमार्क में करीब 10 साल से कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया था, इसलिए अब इसे नया रूप देने का फैसला किया गया।
कैसा है Instagram का नया वर्डमार्क?
एडम मोसेरी के मुताबिक, नया वर्डमार्क पहले की तुलना में अधिक साफ और आधुनिक है। नए डिजाइन में इंस्टाग्राम की मूल पहचान और सरलता को बरकरार रखते हुए इसे ज्यादा बोल्ड और आकर्षक बनाया गया है।
मेटा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, नए वर्डमार्क को तैयार करने के लिए डिजाइन टीम ने सैकड़ों विकल्पों पर काम किया। इनमें ऑल-कैप्स से लेकर हस्तलिखित शैली तक के डिजाइन शामिल थे। आखिरकार टीम ने स्क्रिप्ट फॉन्ट को चुना, जिसमें एक फ्लोइंग स्ट्रोक नजर आता है।
व्यक्तिगत अभिव्यक्ति से जुड़ा है डिजाइन
इंस्टाग्राम की प्रोडक्ट डिजाइन डायरेक्टर जैस्मीन प्रोब्स्ट ने बताया कि स्क्रिप्ट व्यक्तिगत पहचान को दर्शाती है और यही वजह है कि इसे नए वर्डमार्क के डिजाइन में शामिल करना स्वाभाविक लगा।
उनके मुताबिक, नया वर्डमार्क ज्यादा बोल्ड और सरल है, लेकिन इसमें अप्रत्याशितता का हल्का स्पर्श भी रखा गया है। डिजाइन व्यक्तिगत अभिव्यक्ति और व्यक्तिगत आवाज को दर्शाता है, जो शुरुआत से ही इंस्टाग्राम की पहचान का हिस्सा रही है।
सिर्फ वर्डमार्क ही नहीं, कई डिजाइन बदलाव
इंस्टाग्राम की विजुअल पहचान में बदलाव केवल वर्डमार्क तक सीमित नहीं है। कंपनी ने अपडेटेड Instagram Sans भी पेश किया है।
इसके अलावा नया Instagram Pen नाम का कस्टम हैंडराइटिंग टाइपफेस और Instagram Mono फॉन्ट भी डिजाइन सिस्टम का हिस्सा बनाया गया है। इन बदलावों का उद्देश्य प्लेटफॉर्म की विजुअल भाषा को अधिक व्यक्तिगत और अभिव्यक्तिपूर्ण बनाना है।
नए डिजाइन पर यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रिया
नए वर्डमार्क को लेकर इंस्टाग्राम यूजर्स की प्रतिक्रिया मिली-जुली रही है। घोषणा के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने सोशल मीडिया पर अपनी राय साझा की।
कुछ यूजर्स को नया डिजाइन आधुनिक, साफ और मजेदार लगा। कई लोगों ने इसके नए अंदाज और चमकदार लुक की तारीफ भी की।
हालांकि, कुछ यूजर्स नए फॉन्ट की पठनीयता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। खासकर ‘S’ और ‘R’ के आकार को लेकर कुछ लोगों का कहना है कि इन्हें पढ़ना पहले की तुलना में मुश्किल लग रहा है। कुछ यूजर्स ने इसे आंखों के लिए कम सहज और पढ़ने में भ्रमित करने वाला बताया।
10 साल बाद बदली Instagram की टेक्स्ट पहचान
Instagram का नया वर्डमार्क ऐसे समय में आया है जब प्लेटफॉर्म अपनी पूरी विजुअल पहचान को और ज्यादा आधुनिक बनाने पर काम कर रहा है। कंपनी का फोकस केवल लोगो या वर्डमार्क बदलने के बजाय फॉन्ट और टाइपोग्राफी के जरिए यूजर्स की व्यक्तिगत अभिव्यक्ति को बेहतर तरीके से सामने लाने पर है।

