नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। कबीर खान के निर्देशन में बन रही स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म की शूटिंग के दौरान अभिनेता कार्तिक आर्यन के घुटने में गंभीर चोट लग गई। फिल्म की शूटिंग अपने अंतिम दौर में थी और अहम एक्शन सीक्वेंस के लिए आखिरी दो दिन निर्धारित किए गए थे। इसी दौरान कार्तिक घायल हो गए।
फिल्म का नाम अभी तय नहीं हुआ है। मुंबई में शूटिंग के दौरान चोट लगने के बाद कार्तिक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके घुटने की सर्जरी अगले एक-दो दिनों में की जा सकती है। सर्जरी के बाद डॉक्टर उन्हें कुछ दिनों तक आराम की सलाह दे सकते हैं।
एक्शन सीन की तैयारी के दौरान लगी चोट
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कार्तिक फिल्म के एक महत्वपूर्ण सीन के लिए एक्शन कोच के साथ लगातार कड़ी ट्रेनिंग कर रहे थे। शूटिंग के दौरान उनके घुटने में चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने इंडिया टुडे को बताया कि कार्तिक को फोर्टिस रहेजा अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों की योजना एक दिन के भीतर उनके घुटने की सर्जरी करने की है। इसके बाद उन्हें कुछ दिनों तक आराम करना होगा, जिसके बाद वह धीरे-धीरे अपने काम पर लौट सकते हैं।
सर्जरी के बाद ले सकते हैं ब्रेक
कार्तिक फिलहाल कबीर खान की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म की शूटिंग पूरी करने के करीब थे। चोट के कारण शूटिंग प्रभावित हो सकती है। उम्मीद है कि सर्जरी के बाद अभिनेता पूरी तरह ठीक होने और रिकवरी पर ध्यान देंगे। इसके बाद वह अपने बाकी प्रोजेक्ट्स और काम पूरे करने के लिए लौटेंगे।
कबीर खान के साथ दूसरी फिल्म
कार्तिक आर्यन और कबीर खान इससे पहले फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुके हैं। अब दोनों एक बार फिर इस अनटाइटल्ड स्पोर्ट्स ड्रामा के लिए साथ आए हैं। ‘चंदू चैंपियन’ में कार्तिक ने मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाया था और उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी। कार्तिक ने हाल ही में फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कदम रखा है। वह बतौर अभिनेता अपनी आगामी फिल्मों को लेकर भी लगातार सुर्खियों में हैं।
इन फिल्मों में नजर आएंगे कार्तिक
कार्तिक आर्यन के पास मृगदीप सिंह लांबा के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘नागजिला’ भी है, जिसे करण जौहर प्रोड्यूस कर रहे हैं। इसके अलावा वह ‘कैप्टन इंडिया’ में भी नजर आएंगे, जिसमें वह एक पायलट की भूमिका निभाते दिखाई देंगे। कार्तिक की आगामी फिल्मों को लेकर उनके फैंस के बीच काफी उत्सुकता है। अब सभी की नजरें उनकी सर्जरी और रिकवरी पर हैं।

