जनवाणी ब्यूरो |
नई दिल्ली: मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की प्रक्रिया के बीच राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (NMC) ने MBBS की संशोधित सीट मैट्रिक्स जारी कर दी है। नई सीट मैट्रिक्स के अनुसार, एम्स और अन्य राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों को छोड़कर देशभर में MBBS की कुल सीटों की संख्या अब 1,40,214 हो गई है।
इनमें सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 61,185 सीटें हैं, जिनमें 2,786 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। वहीं, निजी मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीटें बढ़कर 65,843 हो गई हैं। निजी संस्थानों में कुल 10,400 नई सीटें जोड़ी गई हैं।
कर्नाटक में सबसे ज्यादा 1,650 सीटों का इजाफा
राज्यों में सबसे ज्यादा MBBS सीटें कर्नाटक में बढ़ाई गई हैं। यहां 1,650 नई सीटें जोड़ी गई हैं, जिसके बाद राज्य में MBBS की कुल सीटें बढ़कर 15,745 हो गई हैं। इसके बाद तमिलनाडु में 1,250 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। यहां अब MBBS की कुल 14,299 सीटें हो गई हैं। बिहार में भी 1,240 नई सीटें जोड़ी गई हैं।
राजस्थान और तेलंगाना में भी 1,000 से ज्यादा सीटें बढ़ीं
राजस्थान में MBBS की 1,100 नई सीटें बढ़ाई गई हैं, जिससे राज्य में कुल सीटों की संख्या 8,280 हो गई है। वहीं, तेलंगाना में 1,010 सीटें बढ़ने के बाद MBBS की कुल सीटें 10,450 हो गई हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल में 975, छत्तीसगढ़ में 645, महाराष्ट्र में 550 और आंध्र प्रदेश में 525 नई MBBS सीटें जोड़ी गई हैं।
झारखंड और मध्य प्रदेश में 520-520 सीटों का इजाफा
नई सीट मैट्रिक्स के मुताबिक, झारखंड और मध्य प्रदेश दोनों राज्यों में MBBS की 520-520 सीटें बढ़ाई गई हैं। हरियाणा में 350, केरल में 300 और गुजरात में 250 नई सीटें जोड़ी गई हैं। वहीं, पुडुचेरी और उत्तराखंड में 200-200 तथा जम्मू-कश्मीर में 175 MBBS सीटों की बढ़ोतरी हुई है।
कई राज्यों में 100 या उससे कम सीटें बढ़ीं
असम, ओडिशा और सिक्किम में MBBS की 100-100 नई सीटें जोड़ी गई हैं। वहीं, चंडीगढ़, गोवा, पंजाब और त्रिपुरा में 50-50 सीटों का इजाफा हुआ है। मणिपुर में 25 नई MBBS सीटें बढ़ाई गई हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश में सिर्फ एक सीट का इजाफा हुआ है। इसके बाद राज्य में MBBS की कुल सीटों की संख्या बढ़कर 871 हो गई है।

