जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: परतापुर थाना क्षेत्र के अच्छरोंडा-काशी मार्ग स्थित एक फैक्ट्री के पास खाली प्लॉट में शनिवार सुबह भारी मात्रा में पड़े प्लास्टिक वेस्ट मटेरियल में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि उससे उठे घने धुएं के कारण अच्छरोंडा गांव के ग्रामीणों को सांस लेने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों और बीमार लोगों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत हुई।
आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग के कारण आसपास के क्षेत्र में काफी देर तक धुएं का गुबार छाया रहा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के आसपास बड़ी संख्या में अवैध फैक्ट्रियों का निर्माण हो चुका है, जिसके चलते क्षेत्र का जल और वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषण के कारण गांव में दमा, टीबी, एलर्जी और अन्य गंभीर बीमारियों के मामले बढ़ रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी फाइबर शीट और धागा बनाने वाली कंपनियों के वेस्ट मटेरियल में आग लग गई थी, जिसके चलते उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से अवैध फैक्ट्रियों और खुले में वेस्ट मटेरियल डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने ऐसे फैक्ट्री संचालकों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की तो वे गांव से पलायन करने अथवा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस दौरान अशोक नेता, सुमित चौधरी, शुभम राणा, शेर सिंह, रोहित राणा, निरंकार, रामू, नीरज शर्मा, सर्वेंद्र आदि मौजूद रहे।
वहीं, फैक्ट्री मालिक राजीव सोलंकी ने फोन पर बताया कि उन्होंने फैक्ट्री किराए पर दे रखी थी। उनके अनुसार, प्लास्टिक वेस्ट आसपास के खाली प्लॉटों में पड़ा हुआ था, जिसे किसी शरारती व्यक्ति ने आग लगा दी। उन्होंने कहा कि आग से जले मलबे को जल्द हटवाकर आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई जाएगी।

