जनवाणी संवाददाता |
किठौर: पति से तलाक लेने की जुगत में लगी एक नवविवाहिता ने अपनी ससुराल में उस वक्त दिनदहाड़े लूट का प्रपंच रचा जब वह घर में अकेली थी। लूट की अफवाह पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। थाना पुलिस के साथ सीओ, एसपी देहात मौके पर पहुंचे, फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच के दौरान संदेह होने पर पुलिस ने नवविवाहिता को थाने ले जाकर पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया। पुलिस आरोपी महिला के विरुद्ध केस दर्ज कर उसे जेल भेजने की तैयारी कर रही है।
किठौर के नित्यानंदपुर निवासी गुड्डू (34) पुत्र सुभाष की शादी एक वर्ष पूर्व हापुड़ की फुलडेरा निवासी मुकेशदेवी से हुई थी। गुड्डू हापुड़ के सिंभावली थानाक्षेत्र के रझैटी गांव में सूकर फार्म करता है। बताया कि शादी के बाद से ही मुकेशदेवी की पति और ससुरालियों से अनबन रहती थी। जिसके चलते मुकेशदेवी ने पति से किसी भी तरह तलाक लेने का मन बना रखा है। बताया कि रविवार शाम गुड्डू ने सूकर फार्म से एक लाख रुपए लाकर मुकेशदेवी को दिए। सोमवार को सुबह सवेरे वह फार्म पर चला गया। गुड्डू की मां अंगूरी देवी और बहन स्वाति घास लेने जंगल चली गईं। लगभग नौ बजे मुकेशदेवी ने षडयंत्र के तहत अपने कानों से कुंडल निकाले।
फिर संदूक, सेफअलमारी में रखे अपने और नंद स्वाति की शादी के लिए बनवाकर लाए गए आभूषण, एक लाख नकदी निकाली। तमाम आभूषणों को कागज की कई पुड़ियों में बांधकर अलग-अलग छुपा दिए। चतुर मुकेशदेवी ने अपना मोबाइल भी छुपा दिया। तत्पश्चात पड़ोस के लोगों को तीन नकाबपोश बदमाशों द्वारा लूट किए जाने की बात बताई। गांव में दिनदहाड़े लूट सुन ग्रामींणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने गांव में लूट का ऐलान कराते हुए पुलिस को सूचना दी।
जिस पर थाना पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। इंस्पेक्टर सुबोध सक्सेना मयफोर्स मौके पर पहुंचे और पूछताछ कर उच्चाधिकारियों को अवगत कराया। तत्पश्चात एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ विश्वज्योति राय फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच-पड़ताल में संदेह होने पर पुलिस पूछताछ के लिए मुकेशदेवी को घर के एक कमरे में ले गई। लेकिन ग्रामींणों की भीड़ के कारण बात नही बनी।
जिसके बाद पुलिस उसे थाना ले गई। वहां सख्ती से पूछताछ करने पर मुकेश ने राजफाश कर बताया कि उसका पति और ससुरालियों से विवाद रहता है। जिसके चलते वह पति से तलाक लेने की जुगत में थी। बताया कि यदि वह स्वयं तलाक मांगती तो फैसले में उसे कुछ नही मिलता। इसलिए उसने एक लाख नकदी, नंद और अपने लगभग साढ़े तीन लाख रुपए के आभूषण छुपाकर लूट की अफवाह कर दी।
बकौल पुलिस मुकेशदेवी का प्लान था कि वह किसी भी दिन आभूषण व नकदी लेकर मायके चली जाएगी और फिर वहां से लौटने के बजाए पति से तलाक ले लेगी। पुलिस सूत्रों की मानें तो पुलिस टीम ने मुकेशदेवी की निशानदेही पर नकदी और आभूषण उसके घर से बरामद कर लिए हैं। अब पुलिस आरोपी महिला और इस षड्यंत्र में शामिल उसके सहयोगियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजने की तैयारी कर रही है।

