नमस्कार, दैनिक जनवाणी डॉटकॉम वेबसाइट पर आपका हार्दिक स्वागत और अभिनंदन है। बॉलीवुड में इन दिनों फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद अब कई कलाकारों को धमकी मिलने के मामले सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अभिनेता आयुष्मान खुराना को भी धमकी भरा ऑडियो क्लिप भेजे जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि ऑडियो भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए अभिनेता से करोड़ों रुपये की मांग की है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है।
ऑडियो क्लिप भेजकर मांगे करोड़ों रुपये
सूत्रों ने बताया कि आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो क्लिप भेजी गई है। इसमें एक व्यक्ति कथित तौर पर खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बता रहा है और अभिनेता से मोटी रकम की मांग कर रहा है।
पुलिस अब ऑडियो में अपनी पहचान बताने वाले शख्स की वास्तविकता का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए नई ऑडियो क्लिप का मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद संदिग्ध आरोपियों के पुराने ऑडियो सैंपल से कराया जा रहा है।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बाद बढ़ी सितारों की चिंता
बॉलीवुड में धमकी और जबरन वसूली के मामलों की चर्चा अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद तेज हो गई है। 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में बाइक सवार हमलावरों ने टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई थीं। घटना के समय अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे।
इस हमले में टाइगर श्रॉफ सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे। मुंबई पुलिस ने शुरुआत में मामले की जांच की थी, जिसके बाद इसकी जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।
सलमान, आमिर और अक्षय समेत कई सितारों की रेकी का खुलासा
जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में एक बड़े नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका हुई। 27 अक्टूबर को आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) की धाराएं भी जोड़ दी गईं। 2 नवंबर तक इस मामले में 13 आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई थी।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने कथित तौर पर खुलासा किया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले बॉलीवुड के कुछ अन्य बड़े अभिनेताओं की भी रेकी की गई थी। इनमें सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन के नाम सामने आए थे।
तुषार कपूर से भी मांगे गए थे पांच करोड़ रुपये
इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मिलने का मामला सामने आया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता से पांच करोड़ रुपये की मांग की थी।
धमकी भरा ऑडियो मिलने के बाद तुषार कपूर ने मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी थी। पुलिस इस मामले में भी ऑडियो भेजने वाले शख्स की पहचान करने और उसकी वास्तविक भूमिका का पता लगाने में जुटी है।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, आयुष्मान खुराना को भेजे गए ऑडियो में व्यक्ति के गैंग से जुड़े होने की पुष्टि अभी जांच का विषय है।

