- जनपद में छह स्थानों पर किया वैक्सीनेशन का सफल पूर्वाभ्यास
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जनपद में संयुक्त चिकित्सालय, शामली सीएचसी समेत छह स्थानों पर कोविड-19 ड्राई रन फॉर वैक्सीनेशन का (पूर्वाभ्यास) किया गया। जिला अस्पताल में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक उपस्थिति में टीकाकरण अभियान के ड्राई रन का सफल संचालन हुआ। उन्होंने ड्राई रन के सफल संचालन तथा ड्राई रन को पूरा करने के लिए की गयी व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
कोविड-19 वैक्सीन को लेकर जनपद में एक माह से तैयारी चल रही है। प्रथम चरण में चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ को वैक्सीन लगेगी। अब आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को भी सूची में शामिल कर लिया है। मंगलवार को कोविड-19 ड्राई रन फॉर वैक्सीनेशन का पूर्वाभ्यास किया गया।
जिलाधिकारी जसजीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव द्वारा संयुक्त जिला चिकित्सालय में महिला विंग एवं आपातकालीन विंग में बनाए गए दोनों बूथों पर चल रहे ड्राई रन पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रात: 10 बजे से अभ्यास शुरू कर दिया गया था, जहां 25-25 स्वास्थ्य कर्मियों को टीकाकरण करने का अभ्यास किया गया।
टीकाकरण करने वाले एएनएम को नेटवर्क न होने के कारण शासन की साइट पर डाटा अपलोड करने में परेशानी हुई, जिसके बारे में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। समस्या को देखते हुए डीएम ने जिला अस्पताल में वाइफाई लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने इस दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

इस प्रकार हुआ पूर्वाभ्यास
मंगलवार को किए गए पूर्वाभ्यास के दौरान हुए डेमों में सबसे पहले थर्मल स्क्रेनिंग डेस्क पर सुरक्षाकर्मियों की डयूटी लगाई गई थी। जो वैक्सीन के लिए आने वाले व्यक्ति की थर्मल स्रैनिंग, सैनेटाइजिंग के साथ प्रवेश देंगे। जिसके बाद एक काउंटर पर आशा संगनियों द्वारा उनके पहचान पत्र की जांच की जाएगी। जिसके बाद ही टीकाकरण कक्ष में प्रवेश होगा।
प्रतिक्षा केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग जरूरी
कोरोना वैक्सीनेशन से कराने वाले व्यक्ति को टीकाकरण से पूर्व प्रतिक्षा केंद्र पर सोशल डिस्टेंसिंग के साथ बैठाया जाएगा। वैक्सीनेशन कराने वाले व्यक्ति का डाटा शासन की साइट पर डाटा अपलोड किया जाएगा, जिसमें करीब 10 मिनट का समय लग सकता है, इसके लिए टीकाकरण कक्ष से पहले प्रतीक्षा केंद्र भी बनाया गया।
30 मिनट आब्जर्वेशन में रहेगा व्यक्ति
टीकाकरण होने के बाद आॅब्जर्वेशन कक्ष में व्यक्ति को करीब 30 मिनट आराम कराया जाएगा, ताकि यदि टीकाकरण के बाद उसको कोई समस्या आती है तो स्वास्थ्य विभाग की टीम उनको उचित उपचार दे सके।
प्रथम चरण में 3578 का वैक्सीनेशन
सीएमओ वीर बहादुर ढाका ने बताया कि पहले चरण में जनपद के 3578 हैल्थ वर्करों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसका डाटा फीड कर शासन को भेजा जा चुका है। वैक्सीन लगने के बाद उसका डाटा विभाग के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। वैक्सीनेशन के हर बूथ पर तीन कमरे की व्यवस्था रहेगी। जनपद में 15 बूथों पर वैक्सीनेशन होगा। बताया कि जनपद में आज तीन शहरी एवं तीन रूरल क्षेत्र में पर ड्राई रन सेशन किया गया है।
ऊन सीएचसी में किया पूर्वाभ्यास
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ऊन पर दो टीमों का गठन किया गया। टीम में सत्यापन कर्ता, वैक्सीनेटर तथा 2 वैक्सीनेटर आॅफिसर नियुक्त किए गए। कार्यक्रम में 25 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। जिनमें 21 स्वास्थ्य विभाग तथा चार पुलिसकर्मी शामिल रहे।
सबसे पहले प्रतीक्षालय कक्ष में नाम व आईडी चेक की गई उसके बाद टीकाकरण रूम में भेजा गया तथा बाद में प्रतीक्षालय कक्ष में लाभार्थी को 30 मिनट बैठाकर उसका कुशलक्षेम जाना। कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल अधिकारी डा. अशोक हांडा, चिकित्सा अधीक्षक डा. लेखराम, डा. सलीम, डा. रोशी फातमा, डा. शशिकांत, डा. विकास, मुबाशिर खान, दिनेश कुमार आदि मौजूद रहे।

