- एक नामजद व 30-35 अज्ञात के खिलाफ दी तहरीर
जनवाणी संवाददाता |
जलालाबाद: गांव औरंगाबाद उर्फ गंदेवडा स्थित गंगा-यमुना संगम स्थल पर लगे संत शिरोमणि गुरू रविदास गंगा यमुना संगम आश्रम के बोर्ड पर असामाजिक तत्वों ने सियाही पोतकर राणा लिख दिया जिसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। उन्होंने मनुवादी सोच के असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए एक नामजद समेत 30-35 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गंगोह-तीतरों मार्ग पर स्थित गांव गन्देवडा उर्फ औरंगाबाद के निकट गंगा यमुना संगम स्थल पर संत शिरोमणि गरू रविदास गंगा यमुना संगम आश्रम का बोर्ड लगा है। गुरुवार को असामाजिक तत्वों ने उक्त बोर्ड पर लाल रंग से संत शिरोमणि गुरू रविदास लिखे शब्दों पर लाल रंग पोत दिया और वहां राणा शब्द अंकित कर दिया। जैसे इसकी जानकारी दूसरे समुदाय के लोगों को हुई उक्त स्थल पर लोग एकत्र होना शुरू हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गढ़ीपुख्ता थानाध्यक्ष महावीर सिंह पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे। वहां मौजूद लोगों ने हंगामा करते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझा बुझाकर वापस भेजा।
सीओ भवन अमित सक्सेना, जलालाबाद चौकी प्रभारी सचिन पुनिया भी पुलिस बल के वहां पहुंचे थे। ग्रामीण नीटू की ओर से अंसुल पुत्र सोमपाल निवासी जानीपुर व 30-35 अज्ञात के खिलाफ गढ़ीपुख्ता पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

