- सरकार की बालकों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उप्र राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता ने प्रदेश सरकार द्वारा बालकों के लिए संचालित योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बाल भिक्षावृत्ति रोकने के लिए अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए।
शुक्रवार को उप्र राज्य बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष डा. विशेष गुप्ता ने नवीन विकास भवन में नाबालिग बच्चों के लिए प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सरकारी/ गैर सरकारी योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बच्चों से जुड़ी योजनाओं को शासन की मंशा के अनुसार धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।
डा. विशेष गुप्ता ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को बच्चों की शिक्षा के दृष्टिगत मोहल्ला क्लास के साथ-साथ जो बच्चे स्कूल में रजिस्टर्ड नहीं है, ऐसे बच्चों को भी मोहल्ला क्लास के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने के निर्देश ताकि बच्चा शिक्षा से वंचित ना रहे।
सहायक श्रमायुक्त को निर्देश दिए कि जो बच्चे भिक्षावृत्ति करते हुए पाए जाए उन्हेंं बाल कल्याण समिति के समक्ष अवश्य पेश किया जाए, उसके बाद ही उनके पुनर्वासन की कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही ना की जाए। बाल कल्याण समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन बच्चों की माताएं मुजफ्फरनगर जेल में हैं।
उनकी सूची तैयार कर बेसिक शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराई जाए जिससे उन बच्चों को शिक्षा मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि जो गैर मान्यता प्राप्त मदरसे है उनमें अरबी फारसी शिक्षा के साथ आधुनिक विषयों की भी जानकारी बच्चों को सुलभ हो, उसके लिए मदरसा संचालकों को प्रोत्साहित किया जाए।
जिला दिव्यांग जन एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए दिव्यांग बच्चों के कैंप लगाकर सर्टिफिकेट बनाने के निर्देश देने के साथ ही एनआरसी की व्यवस्था जनपद में ही कराए जाने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर सीओ सिटी प्रदीप कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रसून राय, बीएसए गीता वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी रचना शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव आदि अधिकारी मौजूद रहे।

