- पंजाब नैशनल बैंक से आठ लाख की नकदी निकाली थी महिला ने
- घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप,एसपी सिटी पहुंचे मौके पर
जनवाणी संवाददाता |
नजीबाबाद: नगर के स्टेशन मार्ग स्थित पंजाब नैशनल बैंक से आठ लाख की नकदी निकाल कर ले जा रही पूर्व शिक्षिका का बैग काट कर उनके बैग से अज्ञात लोगों ने दो लाख 35 हजार रूपए की नकदी उड़ा ली। पता चलने पर शिक्षिका के पैरो तले जमीन खिसक गई और उन्होंने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। वहीं पुलिस को सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और मौके पर कोतवाल ने टीम के साथ बैंक पहुंच कर सर्च अभियान चलाया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।

एसपी सिटी नजीबाबाद पहुंचे और उन्होंने कोतवाल को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने खुद भी स्टेशन रोड पर कई दुकानों पर लगे सीसीटवी फुटेज देखे।
शुक्रवार को गुरूनानक कालोनी निवासी सेवानिवृत शिक्षिका शशि रानी ने दोपहर को लगभग दो बजे स्टेशन रोड स्थित पंजाब नैशनल बैंक से आठ लाख रूपए की नकदी निकाली। बताते हैं शिक्षिका नकदी लेकर जैसे ही बैंक से बाहर आयी तभी उनकी निगाह बैग पर ब्लैड से कटे हुए होने के निशान पर पड़ी जिस पर उन्होंने तत्काल अपने परिजनों को बुलाया और कैश की गिनती की तो उसमें से 2 लाख 35 हजार की नकदी कम पाई जिसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की पूरी जानकारी दी।

जानकारी मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और टीम के साथ बैंक से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पीड़िता ने पुलिस से बैंक में नकदी निकालते समय उसके पास खड़ी दो तीन महिलाओं पर शक व्यक्त किया है।
घटना को देखते हुए कोतवाल के निर्देश में बैंक के आस पास, स्टेशन मार्ग पर सर्च अभियान भी चलाया वहीं एसपी सिटी डा.प्रवीण रंजन ने नजीबाबाद पहुंच कर मामले में गंभीरता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं और उन्होंने स्वंय भी रेलवे स्टेशन के आस पास प्रतिष्ठानों में लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि अभी किसी भी प्रकार की सफलता नहीं मिली है छानबीन की जा रही है।

