- पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
जनवाणी संवाददाता |
बड़गांव: क्षेत्र के ग्राम शब्बीरपुर से आठ वर्षीय मासूम बच्ची का अपहरण कर भागने का प्रयास कर रहे एक युवक को लोगों ने गन्ने के खेत से दबोच लिया। ग्रामीणों ने आरोपी युवक की जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। आरोपी ने केवल बिहार बताया है।पुलिस की पड़ताल जारी है।
बड़गांव थाना क्षेत्र के ग्राम शब्बीरपुर निवासी जुम्मा की पत्नी का 2 दिन पूर्व बीमारी के चलते निधन हो गया था।इसका पता चलता ही रिश्तेदारों सहित जुमा की पुत्री शाइस्ता पत्नी तनवीर अपने बच्चों के साथ मायके आयी थी।
घटनाक्रम के तहत रविवार सुबह शाइस्ता की 8 वर्षीय बेटी जीनत घर के बाहर गली में खेल रही थी। सुबह लगभग दस बजे एक बदमाश ने बालिका जीनत का अपहरण कर लिया और गन्ने के खेतों की ओर भागने लगा। बच्ची ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर उसका मामा नजीर बाहर की ओर दौडा तो बदमाश जीनत को उठाये पास ही गन्ने के खेत में घुसने लगा। नजीर ने बदमाश को दबोच लिया तो काफी ग्रामीण भी मौके पर पहुच गये।लोगों ने बदमाश की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया।
काफी पूछताछ के बाद भी बदमाश ने अपना नाम पता बिहार के अलावा कुछ नही बताया। मामले को लेकर बड़गांव थाना प्रभारी निरीक्षक रनवीर सिंह का कहना था कि पकडे गये बदमाश से गहनता से पूछताछ की जा रही है।आरोपी ने कुछ बताया नही है।पड़ताल जारी है।वही ग्रामीणों द्वारा बच्ची के अपहरण करने के आरोपी की पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

