चेन्नई, भाषा: इंग्लैंड के आलराउंडर मोईन अली ने कहा कि वह नहीं जानते कि भारत के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज में विराट कोहली से कैसे पार पाना है और उन्हें लगता है कि आॅस्ट्रेलिया में अपनी टीम की शानदार जीत का हिस्सा नहीं होने के कारण यह स्टार बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने के लिए अधिक प्रेरित होगा।
कोहली अपने बच्चे के जन्म के कारण पहले टेस्ट मैच के बाद आॅस्ट्रेलिया से स्वदेश लौट आए थे। वह पांच फरवरी से इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली चार टेस्ट मैचों की सीरीज में भारतीय टीम की अगुवाई करेंगे। मोईन ने वीडियो कान्फ्रेंस के दौरान कहा कि हम उसे कैसे आउट करेंगे? वह निश्चित तौर शानदार खिलाड़ी है, विश्वस्तरीय बल्लेबाज है। वह अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित रहता है और मुझे पूरा विश्वास है कि आॅस्ट्रेलिया में टीम के अच्छे प्रदर्शन के बाद वह अधिक प्रेरित होगा क्योंकि वह अपने बच्चे के जन्म के कारण स्वदेश लौट आया था। उन्होंने कहा कि मैं नहीं जानता कि हमें उसे कैसे आउट करना है क्योंकि मुझे नहीं लगता कि उसकी कोई कमजोरी है लेकिन हमारा गेंदबाजी आक्रमण अच्छा है और हमारे पास अच्छे तेज गेंदबाज हैं। मोईन ने कहा कि वह बहुत अच्छा इंसान और मेरा अच्छा मित्र है। हम क्रिकेट को लेकर अधिक बात नहीं करते। कोविड-19 से उबरने के बाद वापसी करने वाले मोईन ने कहा कि वह अब भी मैच विजेता प्रदर्शन करने में सक्षम है और भारत की चुनौती के लिए तैयार हैं। टेस्ट सीरीज के अलावा इंग्लैंड को भारत में तीन वनडे और पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेलने हैं। मोईन ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके लिए सबसे बड़ी प्रेरणा है और अगली सीरीज के लिए उन्होंने छोटे छोटे लक्ष्य तय किए हैं। उन्होंने कहा कि मुझे टीम में चुना जाता है या नहीं यह अलग मसला है।

