- वैभव व एकांश ने किया नजीबाबाद का नाम रोशन
जनवाणी ब्यूरो |
नजीबाबाद: प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी की विजन मेड इन इंडिया, आत्म निर्भर भारत, लोकल फार वोकल, मेड फार वर्ल्ड के आह्वान से प्रेरित हो कर नगर के दो युवाओं ने कम्प्यूटर गेम विकसित कर नजीबाबाद का नाम रोशन किया है। उन्होंने अपने बनाए कम्प्यूटर गेम/ मल्टीप्लेयर मोबाइल गेम का जोश नाम दिया है।
नगर को काफी लम्बे समय से चिकित्सीय सेवा देते चले आ रहे तीसरी पीढ़ी के परिवार के होनहार बेटे वैभव बहादुर सक्सेना पुत्र डा. अतुल बहादुर सक्सेना ने हाल ही में कम्प्यूटर इंजीनियरिंग की है।
उसने नगर के ही भारतीय जीवन बीमा निगम शाखा के विकास अधिकारी अरुण गहलौत के पुत्र एकांश गहलौत को सहयोग देकर एक वीडियो गेम/ मल्टीप्लेयर मोबाइल गेम तैयार किया है। एकांश गहलौत कम्प्यूटर इंजीनियरिंग द्वितीय वर्ष का छात्र है। दोनों ने अपनी मेहनत से तैयार मल्टीप्लेयर मोबाइल गेम का नाम जोश रखा है।

दोनों ने उक्त गेम प्रधानमंत्री नरेन्द्र दामोदर दास मोदी की विजन मेड इन इंडिया, आत्म निर्भर भारत, लोकल फॉर वोकल, मेड फार वर्ल्ड के क्रम में तैयार किया है।

उन्होंने 31 अगस्त को अपनी ओर से बनाए गए गेम को अंतिम रूप देने के बाद प्रधानमंत्री मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह, खेल मंत्री किरण रिजजु, सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके ट्वीटर पर इसकी सूचना दी है। उक्त दोनों युवाओं के प्रयास से जहां उनके परिजन काफी प्रसन्न हैं, वहीं उनके परिचितों ने भी वैभव बहादुर सक्सेना और एकांश गहलौत को बधाईयां देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

