जनवाणी संवाददाता |
शामली: गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय पर गणतंत्र दिवस के ट्रैक्टर परेड के दौरान पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गए शामली के किसानों से समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शीघ्र ही मुलाकात करेंगे। बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से वरिष्ठ नेता एवं समाजवादी किसान समिति के सदस्य प्रोफ़ेसर सुधीर पंवार ने दिल्ली में मुलाक़ात कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चल रहे किसान आन्दोलन की स्थिति से अवगत कराया।
साथ ही, गत 26 जनवरी को शामली में पुलिस द्वारा ट्रैक्टर परेड में शामिल किसानों पर लाठीचार्ज तथा उन पर लगाए गए मुक़दमों की जानकारी दी।प्रोफ़ेसर सुधीर पंवार ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से उन 20 किसानों से मिलने का आग्रह किया जिन पर पुलिस ने गिरफ़्तार कर मुक़दमें लगाए हैं जिसे पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया है।
प्रोफ़ेसर सुधीर पंवार ने बताया कि जल्द ही समय निश्चित कर 20 किसानों को अखिलेश यादव से लखनऊ में मुलाक़ात कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि संगठन को मज़बूत बनाने के लिए पंचायत चुनावों के बाद शामली में बूथ सम्मेलन आयोजित होगा जिसे राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सम्बोधित करने की सहमति दे दी है।
इस अवसर पर रिटायर्ड कर्नल सुभाष देशवाल भी उपस्थित थे।

