- नेशनल ग्रांड प्रिक्स में अन्नू ने फिर जीता गोल्ड मेडल
- इस बार पहले से भी अच्छा रहा अन्नू का प्रदर्शन
जनवाणी संवाददाता |
सरधना: अंतर्राष्ट्रीय भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी ने तीसरी नेशनल ग्रांड प्रिक्स चैंपियनशिप में फिर से गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। अन्नू ने न केवल देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, बल्कि इस बार पहले से भी अच्छा प्रदर्शन किया। पिछली चैंपियनशिप में अन्नू ने 61.22 मीटर पर भाला गाड़ा था, जबकि इस बार 62.28 मीटर पर निशाना साधते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
मुख्य रूप से अन्नू रानी का लक्ष्य नेशनल चैंपियनशिप से कहीं बड़ा है। इस समय अन्नू की नजर जापान में होने वाले ओलंपिक गेम्स पर है। जिसके लिए 64 मीटर क्वालीफाई करने जरूरी है। पहले पड़ाव को पार करने के लिए अन्नू रानी दिन-रात पसीना बहा रही है।
पटियाला के एनआईएस स्टेडियम में खिलाड़ियों ने ओलंपिक की तैयारी में जान झोंक रखी है। ओलंपिक में क्वालीफाई के लिए लगातार नेशनल चैंपियनशिप कराई जा रही हैं। शनिवार को हुई तीसरी नेशनल ग्रांड प्रिक्स चैंपियनशिप में भी अन्नू रानी ने देशभर के खिलाड़ियों को पछाड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
इस बार अन्नू ने गत चैंपियनशिप से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। 25 फरवरी में हुई चैंपियनशिप में अन्नू ने 61.22 मीटर भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता था। इस बार 62.28 मीटर पर भाला फेंककर गोल्ड मेडल जीता। यानी अन्नू का खेल समय के साथ उम्दा होता जा रहा है।
उम्मीद है कि अन्नू ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने के साथ ही जापान में तिरंगे का मान बढ़ाएगी। फिलहाल अन्नू ओलंपिक गेम्स में अपनी जगह बनाने के लिए दिन-रात पसीना बहा रही है।

