सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह मेडल व डिग्रियां वितरित
जनवाणी ब्यूरो |
मेरठ: मंगलवार को सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 13वां दीक्षांत समारोह आयोजित हुआ। इस समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को शामिल होना था, लेकिन उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया, जिसके चलते राज्यपाल ने वर्चुअल समारोह में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के महानिदेशक डॉ त्रिलोचन महापात्रा भी शामिल हुए। समारोह में 7 छात्र-छात्राओं को मेडल एवं 301 छात्र छात्राओं को डिग्रियां दी गईं। समारोह में दीक्षांत परेड निकाली गई।

वर्चुअल समारोह में शामिल हुई राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि वैज्ञानिकों को और ज्यादा मेहनत करने की आवश्यकता है, क्योंकि कोरोना काल में जिस तरह किसानों ने मेहनत की है उसी तरह वैज्ञानिकों को भी मेहनत और करनी है। जिससे खाद्यान्न की कमी को पूरा किया जा सके।

राज्यपाल ने समारोह की सफलता के लिए विश्वविद्यालय के कुलपति समेत सभी कर्मचारियों को बधाई दी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ने वैज्ञानिकों से अच्छे शोध करने का आह्वान किया और उन शोध को किसानों तक पहुंचाने की बात कही। कुलपति प्रोफेसर आरके मित्तल ने कार्यक्रम में अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

