जनवाणी संवाददाता |
भूतपुरी: अफजलगढ़ ब्लॉक के गाँव महसनपुर में ग्रामीणों की शिकायत पर राजस्व विभाग के लेखपाल व कानूगो ने मौके पर पहुँचकर ग्रामीणों की मौजूदगी में सड़क किनारे खाली पड़ी ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश की। इससे पूर्व ग्रामीणों ने कई बार एसडीएम व तहसीलदार को गाँव के बाहर मुख्य रोड के किनारे ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन पर गाँव के लोगों द्वारा अवैध कब्जे की शिकायत की थी।
इस बाबत ग्रामीणों ने पूर्व विधायक डॉ इंद्रदेव सिंह को ज्ञापन सौंपकर अवैध कब्जे को हटवाने की मांग की थी। ग्रामीणों की शिकायत पर शुक्रवार की शाम राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुँची। मौके पर पहुँचे लेखपाल प्रशांत कुमार,
शक्ति कुमार, विशाल कुमार व कानूगो विरेन्द्र कुमार ने ग्रामीणों की मौजूदगी में खाली पड़ी ग्राम समाज की जमीन की पैमाइश की ओर खाली पड़ी जमीन पर किसी भी नए अवैध कब्जे की बात को नकार दिया। राजस्व लेखपाल प्रशांत कुमार ने बताया कि गाँव महसनपुर मोज्जे के खसरा न० 260 की नक्शे के हिसाब से पैमाइश की गई है। जिस पर कोई भी नया अवैध निर्माण नही पाया गया है।

