- बगैर अनुमति अवैध तरीके से किए गए निर्माणों को किया ध्वस्त, कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देश पर अवैध निर्माणों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बुधवार को रुड़की रोड गोपाल विहार में बगैर प्राधिकरण की अनुमति के अवैध तरीके किए गए निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण प्रशासन की कार्रवाई से इस इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जोन सी के जोनल अधिकारी ने जानकारी दी कि थाना जानी क्षेत्र के गोपाल विहार में अनिल त्यागी द्वारा तीन दुकानें बनवायी गयी थीं। शिवा टैंट हाउस, हर्ष कार वाशिंग एवं बिजेन्द्र यादव की युवी रिजोर्ट नाम के होटल में दो दुकानों के शटर व रिजोर्ट की बाहरी बाउंडरी को ध्वस्त कर दिया गया है।
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान जोनल अधिकारी धीरज सिंह, नोडल अधिकारी मनोज तिवारी, अवर अभियंता सर्वेश गुप्ता, ओमकार शर्मा, महादेव शरण, उमा शंकर व सहयोग के लिए जानी थाना का पुलिस फोर्स भी मौजूद रहा।

जोनल अधिकारी ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में किसी का भी अवैध निर्माण सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया प्राधिकरण प्रशासन की चेतावनी के बाद भी जो लोग अवैध निर्माण कर रहे हैं उनसे सख्ती से निपटा जाएगा। अवैध निर्माण को सहन नहीं किया जाएगा।
चेतावनी के बाद भी अवैध निर्माण प्राधिकरण प्रशासन सख्त है। उन्होंने जोन सी में शीघ्र ही बड़ी कार्रवाई का संकेत दिया। पिछले कुछ समय से जोन सी में ग्रीन बैल्ट में अवैध निर्माणों की बाढ़ सी आयी हुई थी, लेकिन बुधवार को प्राधिकरण के महाबली के गरजने के बाद अवैध निर्माण करने वालों में अफरा तफरी मची हुई है।

अवैध निर्माण के चलते इस इलाके में लोगों को काफी असुविधा हो रही थी। उनका कहना था कि ग्रीन बैल्ट में अवैध निर्माण उचित नहीं। लेकिन बुधवार को प्राधिकरण प्रशासन की कार्रवाई के बाद ग्रीन बैल्ट में अन्य अवैध निर्माण की फिराक में थे, माना जा रहा है कि उन्होंने अब तामझाम समेटना शुरू कर दिया है।
ऐसे तमाम निर्माणों पर प्राधिकरण प्रशासन की नजर बनी है। प्राधिकरण प्रशासन अवैध निर्माणों को कतई भी बख्शने के मूड में नहीं।

