- दो मई को आएंगे नतीजे विभाग जुटा तैयारी में
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर स्थिति साफ हो गई है। शुक्रवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से भी चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। प्रदेश में चार चरणों में चुनाव होगा जिसका पहला चरण तीन अप्रैल से शुरू होगा। मेरठ में तीसरे चरण में 26 अप्रैल को चुनाव होंगे।
सभी जगह चुनाव संपन्न होने के बाद दो मई को मतगणना के बाद नतीजे घोषित होंगे। इसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी तेजी से कार्य शुरू कर दिया गया है। मेरठ में 479 ग्राम पंचायतों, 6373 ग्राम पंचायत के वार्डों, 824 क्षेत्र पंचायतों के वार्डों, 12 ब्लॉक प्रमुख और 33 जिला पंचायत सदस्य पद के लिये चुनाव होना है। पिछले कई माह से संंभावित प्रत्याशियों की ओर से इन पदों के लिये चुनवी तैयारी की जा रही थी।
हालांकि आरक्षण सूची बदलने के बाद से कुछ प्रत्याशियों के सपने टूटे तो कुछ के चेहरों पर मुस्कान लौट आई। शुक्रवार को जिला पंचायती राज अधिकारी कार्यालय में भी अंतिक सूची का प्रकाशन कर दिया गया। शुक्रवार सुबह ही चुनावी अधिसूचना भी जारी हो गई। जिसके बाद से सभी प्रत्याशी अपनी तैयारियों में जुट गये हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई अधिसूचना में मेरठ में चुनाव 26 अप्रैल को होंगे। जिसे लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गई है। नामांकन पत्रों का विक्रय 27 मार्च से शुरू हो जाएगा। प्रधान ग्राम पंचायत, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत के नामांकन पत्रों का विक्रय, नामांकन पत्रों के दाखिल करने, उनकी समीक्षा, उम्मीदवारी वापस लेने, चिह्न आवंटन का कार्य विकासखंड मुख्यालय पर किया जाएगा। सदस्य जिला पंचायत के नामांकन पत्रों का विक्रय, समीक्षा, चुनाव चिन्ह आवंटन आदि जिला मुख्यालय पर होगा। ग्राम पंचायत के प्रधानों, सदस्यों एवं क्षेत्र पंचायत के सदस्यों के मतों की गणना व परिणाम की घोषणा संबंधित विकास खंड के अंतर्गत निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी। जिला पंचायत के सदस्यों के मतों की गणना विकासखंड के अन्तर्गत निर्धारित मतगणना स्थल पर की जाएगी तथा परिणाम की घोषणा जिला पंचायत मुख्यालय पर की जाएगा।
ये रहेगा चुनावी कार्यक्रम
- नामांकन 13 अप्रैल से 15 अप्रैल सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक
- नामांकन पत्रों की समीक्षा 16 अप्रैल से 17 अप्रैल सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक
- उम्मीदवार वापसी 18 अप्रैल सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक
- प्रतीक आवंटन 18 अप्रैल दोपहर 3 बजे से कार्य समाप्ति तक
- मतदान 26 अप्रैल सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक
- मतगणना 2 मई सुबह 8 बजे से कार्य समाप्ति तक
- आरओ और एआरओ का प्रशिक्षण आज से
- निर्वाचन कार्यालय की ओर से भी शुरू की गई तैयारी
कर्मचारियों और मतदान स्थल की फाइनल रिपोर्ट फीड
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तैयारी से जुट गया है। जिसको लेकर आरओ और एआरओ नियुक्त कर दिये गये हैं। शुक्रवार सुबह अधिसूचना जारी होने के बाद शुक्रवार शाम तक ही निर्वाचन कार्यालय की ओर से पूरी योजना बनाई गई। जिसके चलते शनिवार से आरओ और एआरओ का प्रशिक्षण भी शुरू हो जाएगा। वहीं मतदान स्थलों का कार्य भी लगभग पूरा हो चुका है। निर्वाचन कार्यालय की ओर से सभी की आॅनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है।
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद निर्वाचन कार्यालय की ओर से भी पूरी तैयारी कर ली गई है। आरओ और एआरओ नियुक्त कर दिये गये हैं। शनिवार से इनकी ट्रेनिंग भी शुरू हो जाएगा। जिला निर्वाचन कार्यालय से संबद्ध डा. मेघराज सिंह ने बताया कि चुनाव के लिये करीब 250 आरओ व एआरओ नियुक्त किये गये हैं। जिनकी ट्रेनिंग शनिवार से शुरू हो जाएगी।
तय कार्यक्रम के अनुसार आरओ और एआरओ का प्रशिक्षण विवि के नेताजी सुभाष चंद्र बोस प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस दौरान उन्हें आरओ और एआरओ को नामांकन से लेकर मतगणना तक होने वाले कार्यों के बारे में बताया जाएगा। उन्हे गोपनीयता के साथ-साथ निष्पक्ष मतदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। डा. मेघराज ने बताया कि इस बार सभी को वाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया है। जिससे पल-पल की सूचना उन्हें मिलती रहे।
2351 बूथों पर तैयारी लगभग पूरी
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर निर्वाचन कार्यालय की ओर से पहले ही तैयारी पूरी कर ली गई है। चुनावी प्रक्रिया के तहत मेरठ में मतदान के लिये 865 मतदान केन्द्रों पर 2351 मतदान बूथ बनाये गये हैं। इन बूथों पर 13 लाख 35 हजार 65 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। साथ ही चुनावी ड्यूटी के लिये भी निर्वाचन कार्यालय की ओर से कर्मचारियों का डाटा फीड कर लिया गया है।
इस बार एक चरण में चुनाव है। इसके तहत यहां करीब एक बूथ पर चार जमा एक के हिसाब से करीब 13 हजार कर्मचारी चुनावी ड्यूटी करेंगे। निर्वाचन कार्यालय की ओर से चुनाव को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकि है। मतदान बूथ लगभग तैयार हैं उनकी तैयारी की आॅनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। जो कमी बची हैं वह भी जल्द पूरी कर ली जाएंगी।
समिति देगी गोपनीय सूचनाएं
इस बार त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर गांवों में लोगों को एकत्र कर समिति बनाई जाएगी। जो गांव में होनी वाली पल-पल की खबरें अधिकारियों को देगी। इसकी जिम्मेदारी अपर जिलाधिकारी वित्त सुभाष कुमार को सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में ही टीम कार्य करेगी। गांव में होने वाली हर घटना, चुनावी संबंधी प्रक्रिया आदि की जानकारी अधिकारियों तक आसानी से आएगी।
अधिकारी गांव में बनाई गई समिति से वाट्सऐप के जरिये जुड़े रहेंगे। बता दें कि समिति में गांव में रहने वाले गैर राजनीतिक दल, सेवानिवृत्त कर्मचारी, नेहरू युवा केन्द्र आदि लोगों को शामिल किया जाएगा। और उन्हें वाट्सऐप गु्रप से जोड़ा जाएगा। यह लोग गांव में होनी वाली हर घटना पर नजर रखेंगे और इसकी जानकारी अधिकारियों को देंगे।

