- 1336 मतदेय स्थल, जिला 12 जोन और 83 सेक्टर में बांटा
- जनपद में वर्तमान में 7 लाख, 47 हजार और 785 मतदाता
जनवाणी संवाददाता |
शामली: जिला निर्वाचन अधिकारी जसजीत कौर द्वारा एक दिन पहले आदर्श चुनाव आचार संहिता की अधिसूचना जारी करने के बाद शनिवार को विकास खंड स्तर पर खंड विकास अधिकारियों द्वारा अधिसूचना जारी कर दी गई है। जनपद में तृतीय चरण में आगामी 26 अप्रैल को चुनाव प्रस्तावित है।
शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराने के लिए जनपद को 12 जोन तथा 83 सेक्टर में बांटा गया है। साथ ही, 522 मतदान केंद्रों पर जनपद के 7 लाख, 47 हजार, 787 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
सुप्रीम कोर्ट में रिट खारिज होने के बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत संपन्न कराने के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया था। इसी के साथ प्रदेश भर में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई थी। उसके बाद शाम के समय जिला निर्वाचन अधिकारी/ जिलाधिकारी जसजीत कौर ने चुनाव अधिसूचना जारी करते हुए दिशा-निर्देश दिए थे। शनिवार को विकास खंड स्तर पर जनपद के पांच खंड विकास अधिकारियों ने चुनाव अधिसूचना जारी कर दी।
जनपद की 230 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान, 3126 ग्राम पंचायत सदस्य, 464 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों के साथ-साथ जिला पंचायत के 19 वार्डों पर सदस्य पदों पर चुनाव के लिए प्रशासन ने तैयरियोंं को अंतिम रूप दे दिय है। इसके लिए जनपद में 522 मतदान केंद्र बनाए गए हैं जिनमें सबसे अधिक ब्लॉक ऊन में 140 तथा सबसे कम ब्लॉक शामली में 84 मतदान केंद्र हैं।
साथ ही, ऊन ब्लॉक में सर्वाधिक 309 मतदेय स्थल और सबसे कम 221 शामली ब्लॉक में बनाए गए हैं। जनपद में अबकी बार 40 मतदान केंद्र तथा 199 मतदेय स्थल नए बनाए गए हैं। प्रशासन ने जनपद को 12 जोन और 83 सेक्टर में विभाजित किया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 7 लाख, 47 हजार, 785 मतदान पंजीकृत हैं। जिनमें 16 हजार, 162 नए मतदाता या यूं कहिए युवा मतदाता हैं।

