- प्रेम प्रसंग की भी चर्चाएं, चार नामजद सहित सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
जनवाणी संवददाता |
किठौर: कायस्थ बड्ढा में एक युवक को रंजिशन बुरी तरह पीटा गया। गंभीर घायल युवक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के पिता ने चार नामजद समेत सात लोगों के विरुद्ध घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं। लेकिन मुख्य तौर पर मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
इसहाक निवासी कायस्थ बड्ढा ने बीती रात दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार दोपहर में बुग्गी बचाने को लेकर उसके बेटे निसार 19 की अदालत के बेटे से कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई थी। उस वक्त तो मामला शांत हो गया।
रात में दुकान पर जाते समय अदालत पक्ष के लोग निसार को रास्ते से खींचकर अपने घर में ले गए और चोरी का आरोप लगाते हुए उसको न सिर्फ बुरी तरह पीटा बल्कि पीआरवी 112 को मौके पर बुलाकर पुलिस के हवाले कर दिया।
इसके बाद घायल के परिजन थाना पहुंचे और विवाद का कारण बताते हुए अदालतए रईसए सौकीन और अयूब के अलावा तीन अज्ञात के विरुद्ध मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां से नाजुक हालत के चलते उसे निजि अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
शनिवार को निसार ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अचानक मौत की सूचना पर मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं पुलिस ने भी फौरन घटना को हत्या में तरमीम कर अदालत और रईस को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर रोजन्त त्यागी का कहना है कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
गांव में कई तरह की चर्चाएं
घटना को लेकर गांव में कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग दिन में हुई हाथापाई के बाद अदालत पक्ष के लोगों द्वारा निसार की आक्रोश में की गई अधिक पिटाई को हत्या का कारण बता रहे हैं। लेकिन अधिकतर लोगों में चर्चा है कि अदालत पक्ष की किसी युवती से मृतक निसार का प्रेम प्रसंग चल रहा था।
निसार देर रात में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा तो उसे वहीं दबोच लिया गया। जिसके बाद निसार की बुरी तरह पिटाई की गई। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि निसार देर रात में प्रेमिका से मिलने की ताक में रास्ते पर खड़ा था। युवती के परिजनों को इसकी भनक लग गई और उन्होंने मौका पाकर उसे अपने घर में खींच लिया। जिसके बाद मृतक को बुरी तरह पीटा गया।

