- जेई से नोटिस जारी करने की बात कहना पड़ा भारी
जनवाणी संवाददाता |
बढ़ापुर: नगर में बिजली बिल वसूल कर रहे बिजली विभाग के जेई से बहस करना एक युवक को महंगा पड़ गया। जेई ने आरोपी युवक पर गाली गलौज जान से मारने की धमकी व सरकारी कार्य में बाधा डालने के तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करा दी है। जबकि आरोपी युवक के परिजनों का कहना है कि जेई के हिटलरशाही रवैये के खिलाफ बोलना उनके पुत्र को भारी पड़ा है।
नगर के मोहल्ला भजड़ावाला में विद्युत विभाग के कर्मी बिजली के बकाया वसूल कर रहे थे। जब मौहल्ले के रहने वाले वाजिद के घर पहुंचे जिसके घर पर लगे कनेक्शन का बकाया होने के चलते कनेक्शन काटना शुरू कर दिया, इस पर कनेक्शन धारक का पुत्र इसराइल मौके पर पहुंच गया और जेई से कनेक्शन काटने के बारे पूछताछ करने लगा। इसराइल ने जेई से कनेक्शन कटने से पहले नोटिस दिए जाने की बात कही।
इस पर जेई भड़क गए तथा युवक सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कहने लगे। इसके बाद जेई ने अपनी टीम के साथ थाने पहुंच गये तथा आरोपी युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्यवाही की बात कही। पता चलने पर आरोपी युवक परिजन भी थाने पहुंच गए।
थाने पर मौजूद स्टाफ ने आरोपी युवक के माफी मांगने तथा कनेक्शन का सम्पूर्ण बिल जमा करने पर मामला रफा-दफा करने की बात कही गई। आरोपी युवक ने माफी भी मांग ली गई तथा बिल भी जमा करा दिया गया, लेकिन जेई इतने पर नही माने और आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की बात पर अड़े रहे।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार धीर के समक्ष मामला पहुंचने पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। आरोपी इसराइल के परिजनों ने बताया कि जेई सुनील कुमार के हिटलरशाही रवैये के खिलाफ बोलना उनके पुत्र को भारी पड़ गया। उनके पुत्र ने जेई से कनेक्शन काटने से पहले नोटिस न दिए जाने की बात पर बहस की थी।

