- डीलर का प्लॉट खरीदने से मना कर दिया था व्यक्ति ने
जनवाणी संवाददाता |
कंकरखेड़ा: मेरठ-सरधना मार्ग स्थित बैंक कॉलोनी के निकट एक डीलर ने प्लॉट खरीदने वाले व्यक्ति को इसलिए गोली मार दी कि उसने डीलर से प्लॉट खरीदने के लिए इंकार कर दिया था। वह व्यक्ति किसी अन्य का प्लॉट खरीदने के लिए दूसरे से बातचीत कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से मेरठ मेडिकल अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। व्यक्ति के पेट में गोली लगी है।
कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने बताया कि शुक्रवार करीब शाम छह बजे सरधना रोड स्थित बैंक कॉलोनी में प्लॉट देखने आए गोलाबढ़ निवासी बबलू जाटव पुत्र चंद किरण को नंगलाताशी निवासी महेंद्र डीलर ने गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उससे घटना के बारे में जानकारी ली।
तब बबलू जाटव ने बताया कि वह सरधना रोड पर प्लॉट देखने आया था। उसकी बातचीत प्लॉट खरीदने के लिए महेंद्र डीलर से हुई। उससे बात बिगड़ गई और बबलू किसी दूसरा प्लॉट खरीदने के लिए अन्य व्यक्ति से बात करने लगा। उससे वह आक्रोशित हो गया और महेंद्र ने बबलू को गोली मार दी। पुलिस महेंद्र की तलाश में जुटी है।

