- अभी तक किया गया 50 प्रतिशत कार्य, नाम वापसी और फिर चुनाव चिन्ह किए जाएंगे आवंटित
जनवाणी संवाददाता |
मेरठ: त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर नामांकन पत्रों की जांच का कार्य 50 प्रतिशत पूरा हो चुका है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट में ही नामांकन पत्रों की जांच की गई। आज शाम तक नामांकन पत्रों की जांच का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद कल नाम वापसी और फिर चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाएंगे। इसके लिये प्रशासन की ओर से तेजी से कार्य किया जा रहा है। जहां नामांकन का कार्य हुआ वहीं पर नामांकन पत्रों की जांच का कार्य चल रहा है जो आज समाप्त हो जाएगा।
त्रिस्तरीय पंचायती चुनाव को लेकर तेजी से कार्य किया जा रहा है। यहां 26 अप्रैल को चुनाव होना है जिसके लिये जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से पूरी तैयारी कर ली गई है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब नामांकन पत्रों की जांच का कार्य किया जा रहा है।
बता दें कि यहां जिला पंचायत सदस्य पद के लिये 33 वार्डों पर कुल 551 नामांकन पत्र आये। इसके अलावा ब्लॉकों में ग्राम प्रधान पद के लिये कुल 4550, क्षेत्र पंचायत के लिये 3869 और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिये कुल 6150 आवेदन आये। इन नामांकन पत्रों की जांच का कार्य शुक्रवार से शुरू हो गया है।
ब्लॉकों में सबंधित एआरओ के द्वारा ही इनकी जांच की जा रही है। वहीं जिला पंचायत सदस्य पद के लिये भी एआरओ द्वारा ही इनकी जांच का कार्य किया जा रहा है। शुक्रवार को जांच का कार्य एडीएम ई, न्यायिक और एसडीएम सदर कोर्ट जहां नामांकन हुए वहीं पर इनकी जांच का कार्य किया गया।
एआरओ अनिल कुमार ने बताया कि 50 प्रतिशत तक जांच का कार्य किया जा चुका है। आज शाम तक पूरा कार्य कर लिया जाएगा। फिलहाल कोई नामांकन पत्र रद नहीं हुआ है सभी सही पाये गये हैं जो एक दो पत्र हैं उनके विषय में आज आरओ से वार्ता की जाएगी उसके बाद ही फाइनल किया जाएगा।
कल चुनाव चिह्न का आवंटन
नामांकन पत्रों की जांच का कार्य आज शाम तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद 18 अप्रैल को सुबह आठ बजे से तीन बजे तक नाम वापसी का समय है। इस दौरान उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। तीन बजे के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किये जाने की प्रक्रिया शुरू होगी। यह कार्य तब तक चलेगा जब तक सभी को चुनाव चिह्न आवंटित नहीं हो जाते है।
ब्लॉकों तक खुद पहुंचेंगे कर्मचारी, पोलिंग बूथों तक लगाई जाएंगी बसें
मतदान के लिये 12 ब्लॉकों में करीब 12 हजार कर्मचारी चुनावी ड्यूटी करेंगे। इन ब्लॉक कार्यालयों पर ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को खुद अपने वाहन से पहुंचना होगा। इसके बाद ब्लॉक कार्यालय से पोलिंग बूथ तक ले जाने का जिम्मा निर्वाचन कार्यालय का होगा।
इसके अलावा ड्यूटी खत्म हो जाने के बाद सभी कर्मचारियों को घर तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिये गाड़ियों की व्यवस्था की गई है। जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है निर्वाचन कार्यालय की ओर से चुनावी कार्य तेज गति से कार्य किया जा रहा है।
बता दें कि 2351 बूथ पर करीब 13 लाख 35 हजार मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इसके लिये बूथ स्तर पर भी तैयारी कर ली गई है। चुनावी ड्यूटी में लगाये जाने वाले करीब 12 हजार कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। मतदान से एक दिन पूर्व सभी कर्मचारियों को ब्लॉक कार्यालयों में पहुंचना होगा।
12 ब्लॉक में चुनाव होना है। सभी कर्मचारियों को ब्लॉक मुख्यालय पर पहुंचना होगा। वहां से आगे पोलिंग बूथ तक ले जाने के लिये बसों की व्यवस्था की गई है। बसों के द्वारा ही कर्मचारियों को पालिंग बूथ तक ले जाया जाएगा। मतदान 26 अप्रैल सुबह 7 बजे से शुरू होगा और शाम 6 बजे तक चलेगा।
इसके बाद कर्मचारियों को गाड़ियों के द्वारा उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। क्योंकि मतदान के बाद चुनावी प्रक्रिया को पूरी करने में देरी हो सकती है इसलिए रात में बसों के द्वारा सबको उनके घर तक पहुंचाया जाएगा।
लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त: सीडीओ
चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कोविड को लेकर सख्ती से नियमों का पालन कराया जाएगा। कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए ग्ए हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि पोलिंग पार्टियों को सैनिटाइजर और ग्लब्ज देकर रवाना किया जाएगा।
कोरोना को लेकर चारों ओर हाहाकार मचा है। प्रदेश सरकार भी ऐसे में किसी प्रकार की लापरवाही बरतने को तैयार नहीं है। चुनावी प्रक्रिया के दौरान भी सख्ती से नियमों का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। बता दें कि यहां 26 अप्रैल को मतदान होना है। चुनाव में कुछ ही समय शेष बचा है।
मुख्य विकास अधिकारी शशांक चौधरी ने बताया कि कोविड नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकि है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किये जाएंगे। इसके लिये गोले बनाकर लोगों को दो गज की दूरी को ध्यान में रखकर ही कार्य किया जाएगा।
मतदान को लेकर जब पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी तो उन्हें एक लीटर सैनिटाइजर व ग्लब्ज उपलब्ध कराए जाएंगे। लोगों को मास्क लगाने के प्रति और मतदान करने आने वाले लोगों को भी इस संबंध में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान लगे सभी कर्मचारियों और मतदाताओं सभी का ध्यान रखा जाएगा।

