- पुलिस ने एक अभियुक्त को पकड़ा, 21 बने व अधबने शस्त्र बरामद
जनवाणी ब्यूरो।
बिजनौर: कोतवाली नगर पुलिस ने एक अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री का भाडाफोड़ करते हुए एक अभियुक्त को पकड़ा है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने फैक्ट्री से 21 बने व अधबने शस्त्र व एक कट्टे से शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए है।
एसपी डा. धर्मवीर सिंह ने बताया कि बिजनौर की कोतवाली नगर पुलिस ने गांव दारानगर के जंगल में नहर की पटरी के पास सोमवार की तड़के छापा मारकर एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भाडाफोड़ किया।
पुलिस ने मौके से गांव भोगनवाला निवासी शाकिर पुत्र जाकिर को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका साथी गालिब पुत्र जाहिद निवासी गांव टिक्कोपुर कोतवाली नगर मौके से अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया है। पुलिस ने अवैध फैक्ट्री से पांच तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, 15 अधबने शस्त्र व एक कट्टे में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए। पुलिस ने दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज करते हुए कार्रवाई की है।
अभियुक्त शाकिर पर तीन मुकदमें और फरार गालिब पर सात मुकदमें दर्ज हैं। अभियुक्त ने पुलिस पूछताछ में बताया कि आगामी पंचायत चुनाव के लिए वह अवैध शस्त्र बना रहे थे, ताकि वह आर्थिक लाभ कमा सके। शाकिर ने बताया कि वह प्रति तमंचा पांच हजार व बंदूक बीस हजार रूपए की बेचते थे। उन दोनों की मुलाकात जेल में हुई थी।

