- नगीना पुलिस व डॉग स्क्वायर्ड टीम चोरी की जांच पड़ताल में जुटी
जनवाणी ब्यूरो।
नगीना: चोर एक व्यापारी के घर के ताले तोड़कर घर से तीन लाख से अधिक की नकदी, सोने, चांदी के जेवर सहित कीमती सामान चुराकर ले गये। पुलिस, डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। घटना के संबंध में पीड़ित ने नामजद तहरीर दी गई है।
मोहल्ला पहाड़ी दरवाजा निवासी नईम कुरैशी रविवार की रात्रि दस बजे अपने घर के मेन गेट का ताला लगाकर मोहल्ले में एक व्यक्ति के यहां हो रही बैठक में गया था। घर की उपरी मंजिल में उसके परिवार के लोग सो रहे थे। पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान मौके का फायदा उठाते हुए शस्त्रों से लैस चोर मकान के मेन गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे।
चोरों ने कमरे में रखी अलमारी की तिजोरी से तीन लाख 32 हजार रुपये की नकदी, सोने व चांदी के जेवर सहित कीमती सामान चुराकर लिया।
सोमवार की सुबह पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रभात कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली और पुलिस को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डॉग स्क्वायड व फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़़ताल की।
चोरी के मामले में पीड़ित व्यापारी नईम ने मोहल्ला कलालान निवासी दो लोगों के विरुद्ध नामजद तहरीर पुलिस को दी गई है। क्राइम इस्पेक्टर विनय कुमार ने बताया कि व्यापारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्यवाही शुरू कर दी गई है।

