- कई सीटों पर रालोद प्रत्याशी चल रहे प्रतिद्वंद्वी से आगे
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: जिला पंचायत सदस्य पद के चुनाव में मतगणना के दौरान जो रूझान सामने आ रहे हैं, उससे राष्ट्रीय लोकदल खेमे में खुशी की लहर है। रालोद के प्रत्याशी सत्तारूढ़ दल के समर्थित प्रत्याशियों से आगे चल रहे हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह रूझान काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
शामली जनपद में जिला पंचायत के 19 वार्ड हैं। इनमें से 15 वार्डों में राष्ट्रीय लोकदल ने अपने प्रत्याशी उतारे थे जबकि 4 वार्डों में उसने सहयोगी दलों के प्रत्याशियों को अपना समर्थन दिया था। रविवार को रात्रि आठ बजे तक मतगणना के जो रूझान सामने आए हैं उससे रालोद खेमे में खुशी की लहर देखी जा रही है। जिला पंचायत के वार्ड-19 से रालोद ने उमेश कुमार को चुनाव मैदान में उतारा था।
उमेश कुमार को 28 बूथों की मतगणनप होने तक 3804 मत प्राप्त हो चुके थे जबकि उनके मुख्य प्रतिद्वंद्वी निर्दलीय विक्रांत ऊर्फ छोटा को 2629 तथा भाजपा के छत्रपाल कश्यप को 2434 मत प्राप्त हो चुके थे। इस तरह उमेश कुमार 1175 मतों की बढ़त बना चुके थे।
दूसरी ओर, अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित वार्ड-8 में रालोद प्रत्याशी सुनीता देवी 2653 मत लेकर लीड बनाए हुए हैं जबकि सपा प्रत्याशी प्रमिला देवी 1416 तथा राकेश को 1769 मत मिल चुके थे। इस तरह रालोद प्रत्याशी सुनीता देवी 884 मतों की बढ़त बना चुकी थी।
इनके अलावा वार्ड-6 में सुमन देवी 1750, रालोद प्रत्याशी धूमती देवी 1690 तथा भाजपा प्रत्याशी रूबि चौधरी 1438 मतों के साथ तीसरे नंबर हैं। दूसरी ओर, वार्ड-18 में रालोद के रणधावा मलिक की पत्नी सुनीता देवी भी बढ़त बनाए हुए हैं जबकि वार्ड-17 में रालोद प्रत्याशी चौ. अमित सिंह अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे चल रहे थे। उधर, वार्ड-1 में सपा प्रत्याशी अंजलि तथा वार्ड-3 में निर्दलीय ओमवती देवी भी अपने-अपने प्रत्याशियों से आगे चल थीं।

