- गांव लिसाढ़ में बृहस्पतिवार की सुबह होगा अंतिम संस्कार
जनवाणी ब्यूरो |
शामली: उत्तर प्रदेश की करीब 700 साल पुरानी गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक (94) का बीमारी के चलते निधन हो गया। बाबा अंतिम संस्कार खाप चौधरी के गांव लिसाढ़ में बृहस्पतिवार की सुबह किया जाएगा। बुधवार को गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक का 94 साल की उम्र में अपराह्न करीब 3 बजे पैतृक गांव लिसाढ़ स्थित आवास पर निधन हो गया।
बाबा हरिकिशन मलिक के ज्येष्ठ पुत्र राजेंद्र मलिक ने बताया कि गत 11 मई को बाबा को दस्त की शिकायत हुई थी। शामली में डाक्टर से प्राथमिक उपचार के बाद उनको आराम लग गया था लेकिन 14 मई को फिर से अस्वस्थ होने पर उनको कस्बा बुढ़ाना के एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां से मंगलवार की शाम को उनको उनकी इच्छा के अनुसार घर ले आए थे।
गठवाला खाप के चौधरी बाबा हरिकिशन मलिक का उनके पैतृक गांव लिसाढ़ में बृहस्पतिवार की प्रात: अंतिम संस्कार किया जाएगा। बाबा हरिकिशन मलिक 1985 में गठवाला खाप के थांबेदार बने थे। बाबा के निधन से खाप चौधरियों एवं राजनीतिक दलों ने शोक संवेदनाएं व्यक्त करने का तांता लगा हुआ है।

