जनवाणी ब्यूरो |
सहारनपुर: जनपद में मिजार्पुर पोल, तहसील बेहट स्थित ग्लोकल मैडिकल कॉलेज को 70 बेड् का कोविड हॉस्पिटल को कोविड-19 नियमों की शर्तों के आधार पर चलाये जाने की अनुमति दी गयी है। मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा गठित जांच समिति की आख्या संस्तुति और स्थलीय परीक्षण के बाद यह निर्णय लिया गया।
जिला मजिस्ट्रेट अखिलेश सिंह ने यहां यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि ग्लोकल मेडिकल कॉलेज द्वारा कोविड-19 से बचाव के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा निर्गत इन्फेक्शन प्रिवेन्शन एण्ड कन्ट्रोल (आईपीसी) प्रोटोकॉल का अनुपालन किया एवं कराया जायेगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सालय द्वारा कोविड-19 से संक्रमित मरीजों के उपचार के लिए सरकार द्वारा निर्धारित दरों के आधार पर उपचार किया जायेगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा निर्गत आदेशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जायेगा।
अखिलेश सिंह ने कहा कि ग्लोकल मेडिकल कॉलेज द्वारा अपने 90 प्रतिशत बेड पर एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर और मुख्य चिकित्सा अधिकारी के रेफरल आदेश/प्रपत्र के बिना ही सीधे तौर पर उपचार हेतु कोविड-19 संक्रमित मरीजों को भर्ती किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्लोकल मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी के द्वारा चिकित्सालय में उपलब्ध भरे एवं रिक्त बेड की अद्यतन सूचना प्रतिदिन प्रात: 8:00 बजे व सांय 4:00 बजे चिकित्सालय के बाहर प्रदर्शित करते हुए पोर्टल पर अपलोड करेंगे तथा गूगल शीट के माध्यम से एकीकृत कोविड एण्ड कमाण्ड सेन्टर को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि ग्लोकल मैडिकल कॉलेज के 10 प्रतिशत बेड्स पर एकीकृत कोविड एंड कमांड सेंटर के द्वारा मरीजों की भर्ती की जायेगी।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि गैर जनपदीय कोविड रोगियों को ग्लोकल मैडिकल कॉलेज में भर्ती करने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारी की संस्तुति के आधार पर ही गैर जनपद से आये कोविड रोगियों को हॉस्पिटल में उपचार हेतु भर्ती कराया जायेगा।
कोविड से संबंधित जानकारी एवं सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर करें संपर्क
डिप्टी कलक्टर एवं एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर के प्रभारी संजीव कुमार ने कहा कि जनपदवासी कोरोना से घबराएं नहीं। उन्होने कहा कि किसी भी जानकारी एवं सहायता के लिए जनपद के एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर पर किसी भी समय संपर्क कर सकते हैं। संजीव कुमार ने आज यहां यह जानकारी दी। उन्होने कहा कि एकीकृत कोविड कमाण्ड सेन्टर के हेल्पलाइन नम्बर 01322723971, 01322723344, 01322723345, 01322720888, 9389793202 एवं 9456002230 पर किसी भी समय सम्पर्क कर अपनी समस्या अथवा जानकारी से अवगत करा सकते हैं।

